उदयपुर में महिला सम्मेलन कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के लिए 24 घंटे राजकोप सिटीजन ऐप की शुरुआत, क्लिक करते ही पुलिस के पास पहुंचेगी लोकेशन; बसों में मिलेगा पैनिक बटन

उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिला सुरक्षा के लिए 24 घंटे राजकोप सिटीजन ऐप की शुरुआत की। इस ऐप की मदद से महिलाओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी। ऐप में ‘महिला सुरक्षा’ सेक्शन में ‘नीड हेल्प’ का ऑप्शन जोड़ा गया है। इसमें पुलिस को कॉल करने या मैसेज करने का का विकल्प जोड़ा है। क्लिक करने के बाद ऐप से महिला की लोकेशन पुलिस के पास पहुंच जाएगी।

इसके अलावा सीएम ने रोडवेज बसों में पैनिक बटन प्रोजेक्ट की शुरुआत की। यह प्रोजेक्ट 11 करोड़ रुपए का होगा। इससे रोडवेज बसों की ऑनलाइन ट्रैकिंग हो सकेगी। साथ ही बसों में किसी महिला या अन्य यात्री को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पैनिक बटन से मदद मिल सकेगी।

उदयपुर में आयोजित महिला सम्मेलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- पिछली सरकार के समय राजस्थान महिला अपराधों को लेकर बदनाम रहा । हमने हमारे संकल्प पत्र में कहा था कि महिला अपराध को लेकर कार्रवाई करेंगे। हमने सरकार बनते ही इस पर काम शुरू कर दिया। महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ रोकने के लिए रात के समय पेट्रोलिंग शुरू की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- पहले कहा जाता था कि हर सफल पुरुष के पीछे महिला होती है। अब कहा जाना चाहिए कि हर सफल व्यक्ति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली महिला शक्ति होती है। इतनी बड़ी संख्या में माताएं-बहनें आई हैं, उन्हें नमस्कार करता हूं। उन्होंने कहा- जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां हमेशा देवताओं का निवास होता है। हम पुरुष-स्त्री को रथ के दो पहिए के समान देखते हैं।

कार्यक्रम में 45 लाख स्वयं सहायता समूह के लिए राज सखी पोर्टल लॉन्च किया गया। इसके साथ ही 10 हजार इलेक्ट्रिक कुकिंग सिस्टम भी बांटे गए। सीएम ने आरएसआरटीसी का सुरक्षा कमांड सेंटर और बसों में पैनिक बटन प्रोजेक्ट लॉन्च किया। महिलाओं को 24 घंटे पुलिस सहायता के लिए ऐप भी लॉन्च किया। इस दौरान 13.42 लाख महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर के लिए 48 करोड़ रुपए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) से खाते में डाले गए। इसके साथ ही 1 लाख लखपति दीदी का सम्मान किया।

रोडवेज बसों में पैनिक बटन सीट के पास लगाए जाएंगे। पैनिक बटन को दबाने पर बस की लोकेशन के साथ ही उसमें सवार ड्राइवर और कंडक्टर की जानकारी रोडवेज के जयपुर मुख्यालय पर बनाए कमांड सेंटर समेत जिस डिपो की बस है, वहां के मुख्य प्रबंधक, प्रबंधक संचालक और अन्य अधिकारियों के मोबाइल पर जाएगी। इस दौरान अलार्म बजेगा। अलार्म बजने पर आला अधिकारी ड्राइवर और कंडक्टर से संपर्क करने के साथ ही संबंधित क्षेत्र की पुलिस को भी सूचना दे सकेंगे। इससे यात्रियों को तुरंत मदद मुहैया हो सकेगी। यह बटन कोई वारदात होने पर, बस में खराबी, यात्री के बीमार होने पर मदद दिलवाने का काम करेगा।

 

मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं का किया शुभारंभ

आंगनबाड़ी केंद्रों में दूध वितरण के लिए मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना

  • प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5-5 आंगनबाड़ी केंद्र
  • प्रत्येक ब्लॉक में एक आंगनबाड़ी को आदर्श आंगनबाड़ी
  • 45 लाख स्वयं सहायता समूहों के लिए राज सखी पोर्टल
  • 10 हजार इलेक्ट्रिक कुकिंग सिस्टम का वितरण
  • RSRTC के सुरक्षा कमांड सेंटर और बसों में पैनिक बटन
  • महिलाओं को 24×7 पुलिस सहायता के लिए ऐप
  • राज सखी राष्ट्रीय मेला 2024

इन योजनाओं में लाभार्थियों के खाते में राशि ट्रांसफर की

  • महिला निधि बैंक द्वारा स्वयं सहायता समूहों को 100 करोड़ रुपए का ऋण
  • 13.42 लाख महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर के लिए 48 करोड़ रुपए
  • लाडो प्रोत्साहन योजना में 1 लाख लाभार्थियों को प्रथम किस्त के 2500 रुपए
  • प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में 70 हजार महिलाओं को 1500 रुपए
  • 10 हजार स्वयं सहायता समूहों को 15 करोड़ रुपए
1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!