राजसमंद में 2 साल पहले बनी सड़क में क्रैक, पेंचवर्क भी घटिया : उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सड़क की हालत देख अधिकारियों को लगाई फटकार,AEn -JEn एपीओ, Xen को नोटिस

राजसमंद,डीपी न्यूज नेटवर्क । 2 साल पहले ही बनी सड़क में क्रैक और घटिया पेंचवर्क देखकर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी नाराज हो गई। इसको लेकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार तो लगाई ही। साथ ही पीडब्ल्यूडी के 2 अधिकारियों को एपीओ कर दिया और 1 अधिकारी को नोटिस भी जारी किया। दरअसल डिप्टी सीएम दीया कुमारी 2 दिवसीय राजसमंद दौरे पर है। इस दौरान वे शनिवार को नाथद्वारा पहुंचीं। यहां उन्होंने गुंजोल से कुचोली मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें मौके पर सड़क निर्माण को लेकर खामियां मिली। जिसके बाद दीया कुमारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल कुचोली, राजसमंद के सामने मौके पर ही उदयपुर एक्सईएन क्वालिटी कंट्रोल कार्यालय की क्वालिटी चेकिंग मशीन मंगवाई और सड़क की गुणवत्ता जांची।

इस दौरान सड़क के सीसी पेनल में क्रैक दिखाई दिए, जो घटिया निर्माण की वजह से हुआ। ग्रामीणों ने भी रोड को लेकर शिकायत थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही क्वालिटी चेकिंग मशीन से स्ट्रेंथ के लिए सैंपल लिया, जो जांच के लिए उदयपुर भेजा गया। गुंजो से सायों का खेड़ा मार्ग कुल 17 किमी का है, जिसका निर्माण करीब 2 साल पहले हुआ, जिसकी लागत करीब 3 करोड़ बताई गई। इसका 5 साल मेंटेनेंस का समय था, इसके बावजूद सड़क का मेंटेनेंस नहीं किया गया। जिसके बाद डिप्टी सीएम ने पीडब्ल्यूडी के 2 अधिकारियों को एपीओ किया व 1 अधिकारी को 17 सीसी का नोटिस जारी किया ।

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सहायता अभियंता (AEn) नमित मिश्रा, कनिष्ठ अभियंता (JEn) जितेश व्यास को एपीओ करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशाषी अभियंता (XEn) भानु प्रकाश को 17 सीसी का नोटिस भी जारी किया गया। इस दौरान दीया कुमारी ने घटिया सड़क निर्माण को लेकर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि घटिया निर्माण को लेकर यदि जरूरी हो तो ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया जाएं।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर पहुंच कर श्रीजी प्रभु के ग्वाल झांकी के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

उन्होंने सुबह श्रीनाथजी मंदिर के मोती महल चौक परिसर से मंदिर में प्रवेश कर श्रीजी प्रभु के ग्वाल झांकी के दर्शन किए। दर्शन के बाद मोती महल की लाल छत पर तिलकायत पुत्र विशाल बावा ने उपरना व रजाई ओढ़ाकर प्रसाद भेंट कर समाधान किया।

इस दौरान कलेक्टर बालमुकुंद असावा, पीडब्ल्यूडी व पर्यटन सहित अन्य विभागों के अधिकारी, स्थानीय जन प्रतिनिधियों में नगर अध्यक्ष प्रदीप काबरा, भाजयुमो नगर अध्यक्ष कपिल उपाध्याय सहित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!