उदयपुर में एक युवक को उधार देने के बहाने बुलाया, फिर बदमाशो ने पीड़ित के नाम पर एक मोबाइल और 3 गाड़िया खरीद ली ; धोखाधड़ी का मामला दर्ज
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । अंबामाता थाना क्षेत्र में एक युवक ने दो बदमाशों के खिलाफ उधार पैसे देने के बहाने बुलाकर उनके नाम पर 2 स्कूटी, एक बाइक और एक मोबाइल खरीद कर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार खमनोर, राजसमंद निवासी नाहर सिंह ने रिपोर्ट दी कि उनका राजकोट में होटल है। वहां रमेश और कालू सिंह भी साथ काम करते हैं। पैसों की जरूरत होने पर रमेश ने मल्लातलाई, सज्जन नगर निवासी अशफाक खान से फोन पर बात कराई। उसने उदयपुर बुलाया और फतहपुरा चौराहे पर मिला।
बाइक पर उदियापोल ले गया। जहां आधार कार्ड और फोटो लिए। वहां से मल्लातलाई स्थित टीवीएस रामजी शोरूम ले जाकर उनके नाम पर स्कूटी ले ली। फिर स्टांप और खाली कागजों पर साइन ले लिए। वहां से उदियापोल स्थित पैरागॉन मोबाइल शॉप पर ले जाकर उनके नाम पर 40 हजार का मोबाइल ले लिया। फिर होटल छोड़ दिया।
दूसरे दिन अशफाक दोस्त वसीम के साथ उन्हें कांकरोली स्थित टीवीएस शोरूम पर ले गए, जहां उनके नाम पर एक और स्कूटी ले ली। वापस उदयपुर लाए और मल्लातलाई से भवानी मोटर्स से बाइक ले ली। इस बीच, कई स्टांप पर भी साइन कराए। फिर 35 हजार रुपए देकर होटल से रवाना कर दिया। अब फाइनेंस कर्मी उन्हें परेशान कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
