डूंगरपुर : दो वाहनों की टक्कर में भाजपा युवा मोर्चा सम्मेलन में भाग लेकर लौट रहे 11 भाजपा कार्यकर्ता घायल : 5 गंभीर घायल रेफर
डूंगरपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । कुआं थाना क्षेत्र के माला खोलडा गांव में एक पिकअप और इको कार की टक्कर हो गई। हादसे में इको कार सवार भाजपा के 11 कार्यकर्ता घायल हो गए। सभी लोग दरियाटी से भाजपा युवा मोर्चा सम्मेलन में भाग लेकर लौट रहे थे। घायलों को सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, 5 गंभीर घायलों को रेफर किया गया है। दरियाटी गांव में आयोजित भाजपा युवा मोर्चा सम्मेलन में भाग लेकर गैलन गांव निवासी भाजपा के 11 कार्यकर्ता लौट रहे थे। इस दौरान माला खोलडा गांव के पास उनकी कार को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में इको सवार 11 लोग घायल हो गए। सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को सीमलवाड़ा अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टर्स ने घायलों का उपचार शुरू किया। वहीं, 5 गंभीर घायलों को रेफर किया गया है।
सूचना पर कुआं थाना पुलिस भी सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी, भाजपा प्रत्याशी कारीलाल ननोमा भी सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछी।
