विधानसभा उपचुनाव : चैक पोस्ट पर 3 कार से 4.17 लाख कैश जब्त;पुलिस और FST ने की कार्रवाई
डूंगरपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । चौरासी विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए एफएसटी और धम्बोला थाना पुलिस ने कालिया कुआं और मांडली चैक पोस्ट पर सीजर की कार्रवाई की है। पुलिस ने 3 कार से 4 लाख 17 हजार रुपए का कैश जब्त किया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। धंबोला थाने के थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि चौरासी विधानसभा उपचुनाव के चलते पुलिस की ओर से विशेष चौकसी बरती जा रही है। इसी के तहत एफएसटी और धंबोला पुलिस की ओर से राजस्थान-गुजरात के कालिया कुआं बॉर्डर पर नाकेबंदी कर वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। इस दौरान टीम ने एक कार को रुकवाकर तलाशी ली तो कार सवार गुजरात निवासी ताराचंद दास के पास 1 लाख 9 हजार 500 रुपए कैश मिले। कैश के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस ने कैश को जब्त किया। इसके बाद टीम ने एक ओर कार को रुकवाकर तलाशी ली तो कार सवार गुजरात निवासी करीम भाई के पास 1 लाख 11 हजार रुपए कैश मिले। करीम भी कैश के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जिस पर पुलिस ने उक्त कैश को जब्त किया। इसी तरह एफएसटी और धंबोला पुलिस ने मांडली चेकपोस्ट पर एक कार से तलाशी के दौरान 1 लाख 97 हजार का कैश जब्त किया है। तीनों मामले में पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
