ऋषभदेव के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में परिचित से मिलकर घर लौट रहे युवक पर चाकू से हमला, मामला दर्ज
डीपी न्यूज नेटवर्क,कल्याणपुर,अशोक वैष्णव । थाना क्षेत्र में परिचित से मिलकर घर लौट रहे लोगों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। इसमें एक युवक को चाकू मार कर घायल कर दिया। घायल को पुलिस ने डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उदयपुर रेफर कर दिया गया।
एएसआई हरीशचंद्र ने बताया कि प्रार्थी अजय मीणा ने थाने में रिपोर्ट दी कि थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में वक्ता के घर 2 नवंबर को रात 8.30 बजे वह और अरविन्द मिलने गए थे। वहां संजय और मांगीलाल भी आए हुए थे। दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर वह बीच-बचाव करने गया तो उसने उसको धमकाया। इस पर उसने बडे़ पापा के लड़के मोहन को फोन कर बुलाया। उसके साथ परिवार के सभी सदस्य आ गए।
उस समय यह वहां से बिना कुछ बोले चले गए। जब सभी घर की तरफ लौट रहे थे तो संजय पुत्र नाथू और मांगीलाल पुत्र नाथू ने हमला कर दिया। बड़ी मां और मां ने बचाव किया तो नहीं माने और मोहन पर टूट पड़े। चाकू से मोहन पर हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही थाने से जाप्ता मौके पर पहुंचा। घायल को डूंगरपुर ले जाने की व्यवस्था की। घायल मोहन को डूंगरपुर हॉस्पिटल से डॉक्टर ने उदयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
