डूंगरपुर में बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक की पेट ओर सीने में चाकू मारकर हत्या,आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे परिजन
डूंगरपुर, डीपी न्यूज़ नेटवर्क । डूंगरपुर में बाइक पर आए 2 बदमाशों ने युवक के पेट और सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। युवक पड़ोस में चल रही बर्थडे पार्टी से लौट रहा था। मामला रामसागड़ा थाना क्षेत्र के गामड़ी अहाड़ा अमूलवा फला का शनिवार रात करीब 9 बजे का है। युवक की हत्या से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हैं। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने और मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इसे लेकर वे आरोपियों के घरों के पास ही बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे दोनों पक्षों के बीच तनातनी का माहौल है। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है। परिजन को समझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद कर लिया है।
रामसागड़ा थानाधिकारी गोपालनाथ ने बताया- गामड़ी अहाड़ा अमूलवा फला निवासी कांति पुत्र रजिया डामोर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें बताया कि उसका बेटा पंकज डामोर (18) गुजरात के मोरबी में मजदूरी करता था। दीपावली के लिए वह 5 दिन पहले घर आया था। शनिवार शाम पंकज पड़ोस में रहने वाले सुरेश की छोटी बेटी भावना के बर्थडे की पार्टी में डीजे पर चल रहे डांस कार्यक्रम को देखने गया था।
मां बाड़ी केंद्र स्कूल के पास के रास्ते से होते हुए पैदल ही घर लौट रहा था। इसी दौरान पंकज के पीछे से एक बाइक पर राकेश डामोर निवासी कांकरादरा और राहुल कोटेड निवासी रातापानी आए। उन्होंने बाइक रोकी। बाइक पर पीछे बैठे राहुल ने नीचे उतर कर पंकज के गले में हाथ डाला। फिर चाकू निकाल कर पंकज के सीने और पेट में वार किए। इससे पंकज लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले से पंकज के साथ चल रहे अन्य युवक घबरा गए। युवकों के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़कर आए। गंभीर घायल पंकज को निजी वाहन से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस ने रात को ही आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन अभी पकड़ में नहीं आए हैं।
थानाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर रविवार सुबह ग्रामीण और रिश्तेदार पंकज के घर इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी युवकों को पकड़ने व मुआवजे की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण आरोपियों के घरों से कुछ ही दूरी पर धरने पर बैठ गए।
इधर, आरोपी पक्ष के लोग ढोल बजाकर ग्रामीणों को इकट्ठा कर रहे हैं। इसके बाद आसपास के गांवों से भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस दोनों पक्षों पर निगरानी रखे हुए है। दोनों पक्षों के बीच कई बार तनातनी का माहौल बन गया। रामसागड़ा थाना पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता बुलाया है। जन प्रतिनिधियों की मदद से परिजन को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
