उपचुनाव को लेकर अतिरिक्त उड़नदस्ते लगाएगा आबकारी विभाग, पुलिस के साथ कार्रवाई भी करेगी मोबाइल टीम

उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । सलूंबर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग से नियुक्त व्यय प्रेक्षक मनोज अग्रवाल ने शनिवार को अशोक नगर स्थित माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान में बैठक ली। अग्रवाल ने निर्वाचन व्यय निगरानी प्रकोष्ठ से संबंधित समस्त नोडल एजेंसियों के प्रतिनिधियों की गतिविधियों की समीक्षा की।

व्यय प्रेक्षक अग्रवाल ने कहा कि वे प्रो एक्टिव होकर कार्य करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारू रूप से पूरी हो सके। उन्होंने निर्वाचन व्यय मॉनिटरिंग में आयोग के प्रावधानों की पालना और प्रक्रिया से जुड़ी सभी एजेंसियों में समन्वय स्थापित करने की बात भी कही। उन्होंने समस्त नोडल अधिकारियों को व्यय मॉनिटरिंग के लिए योजना बनाकर कार्य करने के साथ सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। अब तक हुए सीजर की कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए लक्ष्य को बिना देर लगाए पूरा करने को कहा।

आबकारी विभाग को सलूंबर विधानसभा क्षेत्र के लिए अतिरिक्त उड़न दस्तों के संचालन, मोबाइल टीमें बनाने, पुलिस के साथ ज्वाइंट एक्शन लेने तथा एसएसटी की मदद लेने के निर्देश दिए। लीड बैंक मैनेजर को संदेहास्पद लेनदेन की लगातार रिपोर्ट देने, आयकर, बिक्रीकर, नारकोटिक्स, परिवहन, रेल्वे प्रोटेक्शन फोर्स, सीआईएसएफ, एयरपोर्ट ऑथोरिटी, एमसीएमसी के अधिकारियों को फिल्ड में सतर्कता से जुड़ी कार्रवाई कराने के लिए कहा।

इससे पूर्व निर्वाचन व्यय निगरानी प्रकोष्ठ प्रभारी कृष्णपाल सिंह चौहान ने संपादित की जा रही गतिविधियों के बारे में प्रेक्षक को अवगत कराया। इसी प्रकार उन्होंने उड़नदस्तों, स्थैतिक निगरानी दलों, पुलिस, आबकारी, जीएसटी जैसे माध्यमों से गत चुनावों और वर्तमान में हुई जब्ती के बारे में भी बताया। प्रकोष्ठ से जुड़े सभी नोडल एजेंसियों के प्रभारी अधिकारी तथा सहायक व्यय प्रेक्षक पार्थ शर्मा भी इस दौरान मौजूद थे।

ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम व मतगणना स्थल का निरीक्षण

विधान सभा उपचुनाव 2024 में भारत निर्वाचन आयोग से नियुक्त सामान्य प्रेक्षक जे. विजया रानी ने शनिवार को उदयपुर फरास खाना (ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम) तथा फतह स्कूल स्थित मतगणना केन्द्र व स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट- प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने उन्हें व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रेक्षक ने आयोग के दिशा-निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सलूंबर रिटर्निंग ऑफिसर पर्वत सिंह चूंडावत भी उपस्थित रहे।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!