उदयपुर के देबारी इलाके में सड़क किनारे मृत पड़ा मिला लेपर्ड, वाहन के चपेट में आने की आशंका
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । उदयपुर के देबारी इलाके में हाईवे पर पावर हाउस के पास रविवार अलसुबह एक लेपर्ड का शव हाईवे सर्विस रोड पर पड़ा हुआ मिला। सुबह सड़क किनारे लेपर्ड मरा हुआ देखकर आसपास लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। जिंक स्मेल्टर उपसरपंच दुल्हेसिंह देवड़ा ने बताया कि संभावना है कि सड़क क्रॉस करते समय किसी अज्ञात वाहन ने लेपर्ड को टक्कर मार दी। जिससे उसके गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।
सुबह सूचना पर मैं मौके पर पहुंचा। लेपर्ड के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। खून बह रहा था। मैंने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड के शव को लेकर रवाना हो गई। शव का कानूनी प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार किया जाएगा।
देबारी उपसरंपच चंदनसिंह देवड़ा ने बताया कि देबारी के आसपास जंगलों में लेपर्ड का अक्सर मूवमेंट रहता है। कई बार लोगों को लेपर्ड नजर आ चुके हैं। यहां वाहन दुर्घटना में लेपर्ड के मारे की घटना पहले भी हो चुकी है।
