एयर इंडिया प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग : हाइड्रोलिक सिस्टम फ़ैल होने से 3 घण्टे आसमान में काटे चक्कर,141 पैसेंजर लेकर शारजाह जा रहा था
डीपी न्यूज नेटवर्क । एअर इंडिया एक्सप्रेस की तिरुचलापल्ली से शारजाह जाने वाली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। शुक्रवार की शाम 5.40 पर उड़ान भरते ही प्लेन के हाइड्रोलिक सिस्टम फेल हो गया था। इसके बाद से ही प्लेन करीब 3 घंटे आसमान में चक्कर काटता रहा। इसके बाद करीब 8.15 बजे प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर AXB 613 में 141 पैसेंजर और क्रू मेंबर सवार थे। खराबी का पता चलते ही एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। जानकारी के मुताबिक पायलट विमान में मौजूद ईंधन कम करने के लिए आसमान में चक्कर काट रहा था।
सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने बताया कि त्रिची से शारजाह जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AXB 613 सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर उतर गई है। DGCA हालात पर नजर रखे हुए है। लैंडिंग गियर खुल रहा था। फ्लाइट सामान्य तरीके से लैंड कर चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, पायलट की तरफ से इमरजेंसी मैसेज मिलने के बाद एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तैनात कर दी गई थी। साथ ही इमरजेंसी रेस्क्यू टीम को भी तैयार रखा गया था। पूरे एयरपोर्ट स्टाफ को अलर्ट रखा गया था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की तरफ से लैंडिंग का ऐलान होते ही तय प्रक्रिया के मुताबिक इसकी लैंडिंग कराई गई।
एअर इंडिया एक्सप्रेस टाटा ग्रुप की एअर इंडिया की सहायक कंपनी है। इसके जरिए भारत से खाड़ी देशों के लिए फ्लाइट ऑपरेट की जाती हैं। दुबई, शारजाह, जेद्दा और कतर के लिए बड़ी संख्या में कामगार एअर इंडिया एक्सप्रेस से ही आते-जाते हैं।
