वल्लभनगर न्यायालय परिसर में भू प्रबंधन अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपील अधिकारी न्यायालय के कैम्प कोर्ट का हुआ लोकार्पण 

  • वल्लभनगर के विकास में नया अध्याय जुड़ा : विधायक डांगी, सांसद जोशी
  • अधिवक्ताओं ने सांसद, विधायक का 21 किलो फूलों की माला, जेसीबी मशीन से पुष्प वर्षा के किया भव्य स्वागत

डीपी न्यूज नेटवर्क,बांसडा,कन्हैयालाल मेनारिया । प्रदेश व मेवाड़ की पहली तहसील स्तर पर भू प्रबन्ध अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपील अधिकारी न्यायालय का केम्प कोर्ट वल्लभनगर में खुलने पर शुक्रवार को बार एसोसिएशन वल्लभनगर द्वारा लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ सांसद व पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी ने की, विशिष्ट अतिथि के क्रम में पूर्व जिला प्रमुख शान्तिलाल मेघवाल, वरिष्ठ अधिवक्ता हुक्मीचंद सांगावत, पन्नालाल मारू, भंवरलाल ओस्तवाल, बार अध्यक्ष रमेशचंद्र सांगावत, महासचिव बाबुलाल डांगी, उपखंड अधिकारी वल्लभनगर रमेश बहेड़िया, तहसीलदार रणजीत यादव, उपप्रधान रोशन मेहता, भंवरलाल भट्ट, भाजपा देहात जिलाउपाध्यक्ष प्रकाश जैन थे।

कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, विधायक उदयलाल डांगी का बार एसोसिएशन वल्लभनगर के अधिवक्ताओं ने जेसीबी मशीन से पुष्प वर्षा, आतिशबाजी एवं ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। ततपश्चात पंडित के सानिध्य में पूर्ण मंत्रोच्चार के साथ भू प्रबन्ध अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपील अधिकारी न्यायालय केम्प कोर्ट वल्लभनगर का लोकार्पण किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने भारत माता के जयकारों से परिसर को गुंजायमान कर दिया। वहाँ से मंच पर पहुँचे, जहाँ सर्वप्रथम माँ सरस्वती, साँवलिया जी का दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। ततपश्चात बार एसोसिएशन वल्लभनगर द्वारा मंचासीन अतिथियों का तिलक, मेवाड़ी लाल पाग, उपरणा व मोमेंटो देकर स्वागत किया गया और सांसद व विधायक का 21 किलो फूलों की माला से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता मुकेश।डांगी ने किया।

वल्लभनगर में आरएए कैम्प कोर्ट खुलना किसानों के लिए फायदेमंद

बतौर मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान में उपखंड स्तर पर आरएए कोर्ट की स्वीकृति होना वल्लभनगर के विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया है वल्लभनगर को रेल मार्ग से जोड़ा गया वहीं एयरपोर्ट से हवाई यात्रा की सौगात भी आमजन के लिए बढ़ गई है।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधायक उदयलाल डांगी ने कहा कि वे स्वयं कृषक है तथा किसानों की सबसे बड़ी समस्या किसी भी मुकदमे में हार जीत होने पर उसे मामले की अपील करना होता है और अपील करने के लिए सबसे पहले उदयपुर में कोर्ट को संभालना पड़ता है, जो किसानों के लिए बहुत बड़ी चुनौती है और यही बात वल्लभनगर बार एसोसिएशन की ओर से वल्लभनगर में राजस्व कैंप कोर्ट खुलवाने की मांग की गई तो उन्हें लगा कि यह अवसर किसानों के लिए बड़ी सौगात होगी और उन्होंने इस बारे में सीधा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से संपर्क किया और उन्हें बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र की यह सबसे बड़ी समस्या है तो मुख्यमंत्री शर्मा ने भी बात को नहीं टाला और बजट में कैंप कोर्ट की स्वीकृति दे दी।

साथ ही न्यायालय परिसर में बारिश का पानी भरा रहता है और अधिवक्ताओं व पक्षकारों को भी एक कोर्ट से दूसरी कोर्ट में आने जाने में दिक्कत आती है। पक्षकारों के बैठने में भी दिक्कत हो रही है, जिससे अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में इंटरलॉकिंग की मांग के लिए पहले 10 लाख रुपए मांग की, लेकिन जब सार्वजनिक निर्माण विभाग से इसका आंकलन करवाया गया तो यह आंकड़ा एक करोड़ 5 लाख रुपए से अधिक गया तो उन्होंने इंटरलॉकिंग हेतु एक करोड़ 5 लाख रुपए की स्वीकृति जारी करवाई। साथ ही अधिवक्ताओं ने वल्लभनगर में एनआई के न्यायालय की मांग की गई लेकिन इस बारे में विधायक ने अपने उद्बोधन में कुछ नहीं कहा लेकिन उदयपुर में राजस्थान हाई कोर्ट के बारे में पैरवी करते हुए कहा कि मेवाड़ की धरा पर कैंप कोर्ट मिलेगी इसके लिए वह इस क्षेत्र के समस्त विधायक, सांसद सबसे मिलकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से वार्ता करेंगे और हाई कोर्ट बेंच खुलवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इस पर अधिवक्ताओं ने तालियां बजाकर विधायक का अभिनंदन किया।

विधायक ने वल्लभनगर में पॉलिटेक्निक कॉलेज की घोषणा एवं रीको के लिए भूमिका आवंटन बहुत बड़ी उपलब्धि होना बताया और कहा कि आने वाले 4 साल में विकास की गंगा बहेगी। इस आयोजन में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा अचानक दिल्ली में एसटी आयोग की बैठक होने से नहीं आ पाए। अन्त में बार अध्यक्ष रमेश चंद्र सांगावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के समस्त अधिवक्तागण, उदयपुर बार अध्यक्ष भरत जोशी, मावली बार अध्यक्ष मिथिलेश पगारिया, भींडर बार अध्यक्ष लक्ष्मणगिरी, कानोड़ बार अध्यक्ष मुकेश चौबीसा सहित पदाधिकारी व वल्लभनगर, मेनार, भटेवर, खरसान, रुंडेड़ा, नवानिया, धमानिया, तारावट, बाठरड़ा, गवारड़ी, बांसड़ा, वाना, खेरोदा, अमरपुरा, रणछोड़पुरा, इंटाली के कई गांवो से ग्रामीण पहुँचे।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!