देवस्थान विभाग पर मंदिर की पवित्रता भंग करने एवं पुजारियों से अभद्रता का आरोप, सरकार तक शिक़ायत
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने की चर्चाओं के बीच उदयपुर का देवस्थान विभाग एक बार फिर विवादों में आ गया है। मंगलवार को विभाग से जुड़े दो मामला सामने आए। पहला मामला शहर के मांजी घाट स्थित सरदार स्वरूप श्यामजी मंदिर से जुड़ा है। यहां विभाग की ओर से मंदिर परिसर में फिल्म शूटिंग की मंजूरी देने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मंदिर बचाओ संघर्ष समिति और हिंदू संगठन विरोध में उतर गए। आक्रोश को देखते हुए मंगलवार को होने वाली शूटिंग को टाल दिया गया। तय शिड्यूल के तहत बुधवार को भी शूटिंग होनी है। इस मामले में देवस्थान मंत्री तक शिकायत की गई है।
दूसरा मामला, शहर से करीब 35 किमी दूर स्थित जावर माता मंदिर से जुड़ा है। यहां के पुजारी संघ से जुड़े पदाधिकारी नवरात्रि बजट की मांग को लेकर मंगलवार को देवस्थान विभाग पहुंचे। आरोप है कि सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने उनसे अभद्रता की और आतंकी कहते हुए ऑफिस से निकल जाने को कहा। घटना के विरोध में संघ ने कलेक्टर और सांसद को शिकायत की। हालांकि सहायक आयुक्त ने सभी आरोपों को नकार दिया है।
मंदिर तीर्थ क्षेत्र, विभाग पवित्रता भंग करने पर आमादा : संघर्ष समिति
सांसद-विधायक के साथ कलेक्टर-एसपी से भी शिकायत : संघर्ष समिति की ओर से सांसद मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली, कलेक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी योगेश गोयल, को ज्ञापन देकर शिकायत की। इसमें मंदिर परिसर में शूटिंग की स्वीकृति निरस्त करवाने की मांगी की है। संयोजक हरीश तिवारी, सहसंयोजक रोहित चौबीसा, पार्षद मदन दवे, निर्मल चौबीसा, भरत कुमावत, मीठा लाल, प्रदीप अजमेरा मौजूद रहे। मंदिर बचाओ संघर्ष समिति के रोहित चौबीसा ने बताया कि विभाग मंदिर परिसर में फिल्म सनी की तुलसी कुमारी की शूटिंग करवा रहा है। सरदार स्वरूप श्यामजी मंदिर एक तीर्थ क्षेत्र के समान है। यहां से हजारों सनातनियों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हैं। एडवोकेट भरत कुमावत का कहना है कि विभाग का काम मंदिरों की सेवा-सुरक्षा और प्रबंध करना है। इसके उलट विभाग खुद ही मंदिरों की पवित्रता को भंग कर लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने पर आमादा है।
नियमों के तहत दी मंजूरी : विभाग
देव स्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी इस मुद्दे पर पल्ला झाड़ते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि हमने नियमानुसार ही फिल्म शूटिंग की स्वीकृति दी है। अगर निरस्त करने के निर्देश मिलेंगे तो कर देंगे।
पुजारी संघ ने सांसद रावत को दिया ज्ञापन
जावार माता पुजारी संघ के सचिव व पुजारी भरत शर्मा तीन अन्य लोगों के साथ नवरात्रि के बजट पर चर्चा के लिए मंगलवार को सहायक आयुक्त गांधी से मिलने गए थे। वहीं पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि सहायक आयुक्त ने उन्हें आतंकवादी कहा। जातिगत शब्दों का भी इस्तेमाल किया। संघ ने घटना के विरोध में सांसद मन्नालाल रावत को ज्ञापन सौंपा। उधर, सहायक आयुक्त गांधी ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि तीन लोग मिलने आए थे। एक व्यक्ति जोर-जोर से बोल रहा था, इस पर मैंने उन्हें शांति से बात करने को कहा। इस पर वे भड़क गया।
