सीआई ने बजरी से भरे ट्रैक्टर पकड़े – डीएसपी ट्रैक्टर छुड़ाने थाने पहुंचे : डीएसपी बोले- इतने बुरे दिन नहीं आए कि थाने पर बजरी के ट्रैक्टर छुड़ाने जाऊं, सीआई काम नहीं करना चाहता इसलिए बेवजह की बाते
भीलवाड़ा,डीपी न्यूज नेटवर्क । अवैध बजरी से भरे 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ने पर सीआई और डीएसपी आपस में उलझ गए। सीआई द्वारा ट्रैक्टर पकड़ने की कार्रवाई के बाद डीएसपी उनको छुड़वाने थाने पहुंचे, लेकिन सीआई ने ट्रैक्टर छोड़ने से साफ मना कर दिया और उच्च अधिकारियों को कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही खनिज विभाग की टीम को सूचित कर दिया।
मामला भीलवाड़ा के गंगापुर थाना क्षेत्र का है। गंगापुर सीआई फूलचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को आशाहोली गांव के पास अवैध बजरी से भरे 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े और इनको थाने में खड़ा करवा दिया। इसके कुछ देर बाद ही डीएसपी रितेशकुमार पटेल थाने पहुंच गए। डीएसपी ने इन दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छुड़वाने का प्रयास भी किया, लेकिन सीआई ने उनकी बात नहीं मानी। उन्होंने ट्रैक्टर जब्त कर खनिज विभाग को इसकी सूचना दे दी। अब खनिज विभाग द्वारा ट्रैक्टर में भरी बजरी के वजन के आधार पर जुर्माना वसूल किया जाएगा।

दोनों ट्रैक्टर में जीपीएस लगा हुआ था और उनकी ट्रैकिंग की जा रही थी। इनके थाने पहुंचने की जानकारी इनके मालिक लोगों तक पहुंच गई। डीएसपी के सुबह-सुबह थाने पहुंचने और ट्रैक्टर छुड़वाने के प्रयासों से मामले ने और तूल पकड़ लिया। गंगापुर के कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन दोनों ट्रैक्टरों को डीएसपी के ट्रैक्टर बताते हुए कमेंट किए जाने लगे। पकड़े गए दोनों ट्रैक्टर किसी देवा खटीक के बताये जा रहे हैं और यह देवा डीएसपी का मित्र बताया जा रहा है। दोनों ट्रैक्टर जोधपुर पासिंग है।
सीआई बोले- डीएसपी साहब को मैने ट्रैक्टर छोड़ने से मना किया
गंगापुर सीआई फूलचंद ने बताया कि सोमवार को आशाहोली गांव के पास अवैध बजरी से भरे 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े थे। इनको थाने लेकर आए दोनों ट्रैक्टरों में जीपीएस लगा हुआ था जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही थी। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट नहीं है। इनके चेचिस नंबर के आधार पर इनके मालिक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, मलिक का पता लगेगा और कागजात सामने आएंगे तो स्थिति क्लियर होगी। जब डीएसपी साहब को ट्रैक्टर पकड़े जाने का पता चला तो वह थाने पर आए थे। मैंने ट्रैक्टर छोड़ने के लिए मना कर दिया।
डीएसपी बोले- सीआई कोई काम नहीं करना चाहता
गंगापुर डीएसपी रितेशकुमार पटेल ने बताया कि गंगापुर सीआई ने अवैध बजरी से ट्रैक्टर पकड़े थे, लेकिन मेरे इतने बुरे दिन भी नहीं आए कि मैं ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए जाऊं। ट्रैक्टर मालिक को मेरा मित्र बताया जा रहा है, गंगापुर क्षेत्र में कई लोग मेरे परिचित है। सीआई कोई काम नहीं करना चाहता इसलिए बेवजह की बातें हैं। रोजनामचे में कार्रवाई के रिकॉर्ड दर्ज हैं। इस क्षेत्र में ज्यादातर करवाई मैने और मेरी टीम ने की है।
