उदयपुर के पहाड़ा थाना क्षेत्र में कार और स्कूल बस की भिड़ंत : गनीमत रही कि स्कूल बस खाली थी, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । पहाड़ा थाना क्षेत्र में असारीवाड़ा रोड पर मंगलवार को एक स्कूल बस और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। कार का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। स्कूल बस खाली थी और ड्राइवर स्कूल के लिए बच्चों को लेने जा रहा था। वहीं, घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पहाड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। थानाधिकारी गणपति सिंह ने बताया कि रोड पर टर्न लेते वक्त कार और बस की आपस में टक्कर लगी। बस टकराकर रोड से नीचे उतर गई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक मौके से फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
