क्षेत्र में अच्छी बारिश से जलाशय अब भरने लगे, मेनार के दोनो जलाशयों में पानी की आवक जारी
डीपी न्यूज नेटवर्क
बांसडा,कन्हैयालाल मेनारिया । उपखंड क्षेत्र में सावन माह में मानसून की बेरुखी के बाद अब भाद्रपद में मानसून ने किसानों के चेहरों पर खुशी ला दी है। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश के चलते जलाशय भरने लग गए है। प्रदेश का सबसे लंबी रपट एवं 19.5 क्षमता वाला वल्लभनगर का सरजणा बांध 16 फीट से ज्यादा हो गया है, वह अब छलकने को आतुर है। वही मेनार के दोनो जलाशय ब्रह्म सागर व ढंड तालाब में लगातार पानी की आवक जारी है, जिससे ढंड तालाब एक या दो दिन में कभी भी छलक सकता है। इधर, रुंडेड़ा तालाब छलक गया है तथा क्षेत्र के छोटे मोटे तालाब व एनीकट भी छलक गए है।
शनिवार को सुबह अच्छी धूप खिली और तीखी उमस वाली गर्मी ने लोगो को परेशान किया, लेकिन दोपहर में मौसम में परिवर्तन हुआ और काले बादल छाने लगे और दिन में 1.45 बजे से बिजली की गड़गड़ाहट के साथ मेनार, रुंडेड़ा, नवानिया, खरसान, वल्लभनगर में मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जो करीब आधा घंटे से भी ज्यादा समय तक चलती रही, उसके बाद रिमझिम बारिश, फुहार जारी है। अच्छी बारिश से खेत लबालब हो गए है, तो कई लोगो के घरों में पानी तक भर गया है। मेनार माल क्षेत्र के खेतो में भरा पानी नेशनल हाईवे 48 के दोनो किनारे बने नालों से ब्रह्म सागर में तेज गति से आ रहा है।
