गर्ल्स कॉलेज की 70 लड़कियों से ब्लैकमेलिंग का मामला : ठग बोला- SI बोल रहा हूं, पोर्न वीडियो देखती हो; 3 हजार दो वरना केस दर्ज होगा
डीपी न्यूज नेटवर्क । मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज की 70 से ज्यादा छात्राओं को 4 दिन से वॉट्सऐप पर अश्लील वीडियो और मैसेज भेजे जा रहे हैं। गुरुवार को छात्राओं ने इसकी शिकायत कॉलेज प्रिंसिपल और पुलिस से की है। सभी बीए फर्स्ट से लेकर फाइनल ईयर की छात्राएं हैं।
मध्यप्रदेश के जबलपुर के गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज शासकीय मानकुंवर बाई की छात्राओं को पोर्न भेजकर ब्लैकमेलिंग का केस शायद ही खुल पाता, अगर दो छात्राएं हिम्मत नहीं दिखातीं। बुधवार को फ्रॉड ने एक छात्रा को कॉल लगाया। बोला- जबलपुर शहर के गोरखपुर थाने से SI बोल रहा हूं। तुम्हारे नंबर से गलत वीडियो देखे जाते हैं। कॉल करने वाले ने 3 हजार रुपए की डिमांड की।इस समय छात्रा के साथ उसकी दोस्त भी थी। इस तरह का कॉल आने पर उसने अपनी दोस्त को बताया कि मुझे भी ऐसा ही फ्रॉड कॉल आया था।
गुरुवार को ही कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदस्यता अभियान चला रही थी। ABVP की महानगर संयोजक आंचल मिश्रा, छात्रा को रुआंसा देखकर वजह पूछ बैठीं। छात्रा ने उन्हें जो बताया, सुनकर वह हैरान रह गईं। दोनों के बीच बातचीत चल ही रही थी, तभी और भी छात्राएं आईं और उन्होंने भी इसी तरह ब्लैकमेल किए जाने की बात कही।
फ्रॉड ने मेरा मोबाइल और वॉट्सऐप तक हैक कर लिया…
बुधवार शाम 6 बजे का वक्त होगा। मुझे वॉट्सऐप पर वॉइस कॉल आया। कॉल करने वाले ने पूछा- आप बीए सेकेंड ईयर की छात्रा हो। मेरे हां कहते ही बोला- मैं गोरखपुर थाने से SI बोल रहा हूं। तुम्हारे मोबाइल से गंदे वीडियो पोस्ट हो रहे हैं। उसने 3 हजार रुपए की डिमांड की। मैंने कॉल कट कर दिया।
गुरुवार शाम को जब मैं कॉलेज से घर लौट रही थी, तब मुझे एक लड़की का कॉल आया। पहले उसने बात की, इसके बाद उसके पिता ने उससे फोन लेते हुए मुझसे कहा- तुम्हारे नंबर से आज कई बार किसी अजय नाम के लड़के का कॉल आ रहा है। वह मेरी बेटी को गलत वीडियो भेज रहा है। मैंने उन अंकल को सारी बात बताई। उनसे कहा कि अंकल मेरा मोबाइल और वॉट्सऐप किसी ने हैक कर लिया है। हैकर ने मुझे कई बार कॉल किया, कभी 5, कभी 3 तो कभी 2 हजार रुपए की डिमांड की।
शासकीय मानकुंवर बाई कॉलेज जबलपुर शहर का सबसे बड़ा गर्ल्स कॉलेज है। यहां 3500 से ज्यादा छात्राएं पढ़ती हैं। अभी 70 छात्राएं सामने आई हैं, जिन्हें 4 दिन में पोर्न वीडियो भेजने के बाद वॉट्सऐप पर वॉयस या वीडियो कॉल कर धमकाया गया।
एसपी आदित्य प्रताप सिंह का कहना है कि यह एक साइबर फ्रॉड टाइप का केस है। हमारे पास कम्प्लेन में दो बच्चियों के नाम दिए गए हैं। इन बच्चियों ने 2 से 3 हजार रुपए फ्रॉड करने वाले को दिए हैं। जांच की जा रही है। मदन महल थाने के सब इंस्पेक्टर आरएन राय ने कहा कि छात्राओं को जिन अननोन नंबर से कॉल आए, उन्हें ट्रेस कर एक्शन लिया जाएगा। साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
