भीण्डर की खस्ताहाल सड़कों को दूरस्त करने की जयपुर में उठाई आवाज,पूर्व विधायक भीण्डर ने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को करवाया अवगत
भीण्डर क्षेत्र के शहरी क्षेत्र की टूट चुकी हैं सड़कें, हालत गांवों से भी बदतर
बांसडा,कन्हैयालाल मेनारिया । उदयपुर जिले के सबसे बड़े उपखण्ड मुख्यालय भीण्डर नगर के प्रमुख मार्गों की सड़कें टूट चुकी हैं, यहां की सड़कों की हालत गांवों से भी बदतर हो चुकी है। इस समस्या को लेकर पूर्व विधायक व भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर ने जयपुर में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात करके 2023-24 में 6 करोड़ की स्वीकृत सड़कों के कार्य आदेश जारी करने की मांग रखी। जिस पर दीया कुमारी ने जल्द आदेश करवा करके भीण्डर की सड़कें जल्द दूरस्त करने की बात कहीं। पिछले करीब एक वर्ष से पेयजल के लिए पूरे नगर में पाइपलाइन के लिए सड़कें खोदने और बारिश के कारण अधिकतम मार्गों की सड़कें खस्ताहाल हो चुकी है। जबकि वर्ष 2023 में बजट घोषणा के अनुसार भीण्डर नगर में पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से सड़कें स्वीकृत हैं, जिनका निर्माण होना बाकी है। ऐसे में अब भीण्डर नगर की खस्ताहाल हो चुकी सड़कों को पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से बनने वाली सड़कें जीवनदान दे सकती है।
पूर्व विधायक ने जयपुर में उठाई आवाज, परेशान हैं लोग
भीण्डर नगर पालिका क्षेत्र में स्वीकृत सड़कों के काम शुरू करवाने के लिए वल्लभनगर पूर्व विधायक व भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर ने जयपुर में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात करके सड़कों की हालत बताते हुए उनको दूरस्त करवाने की मांग रखी। भीण्डर ने बताया कि मुख्यमंत्री बजट घोषणा 94/2023-24 के अन्तर्गत भीण्डर नगर पालिका में विभिन्न सड़कों के निर्माण के लिए 6 करोड़ की राशि की घोषणा हुई थी। मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी विभाग जयपुर के द्वारा उक्त सड़कों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी करने को कहा गया कि उक्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर लेवें इसके पश्चात वित्तीय स्वीकृति जारी की जायेगी। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बावजुद वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं होने के कारण संवेदकों को कार्यआदेश जारी नहीं किया गया। जिससे स्वीकृत सड़कें रूकी हुई हैै। इस पर दीया कुमारी ने विभाग से रिपोर्ट मंगवा करके जल्द कार्य आदेश दिलवा करके सड़कों के काम शुरू करने का आश्वासन दिया।
भीण्डर में सड़कों के हालत बदतर
भीण्डर नगर में सड़कों के हालत बदतर होने से आवाजाही में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीण्डर के प्रमुख बाजार, मुख्य चौराहे सहित विभिन्न जगहों की सड़कें खस्ताहाल हो रही है। वहीं जयदाय विभाग द्वारा खोदी गई सड़कों से भी हालत खराब है। इससे आमजन, राहगीर, वाहनधारी सहित सभी परेशान है।
