पुर्व छात्रा को ससुराल से भगा ले गया सरकारी टीचर : 2 साल पहले 12वीं पास की थी; टीचर सस्पेंड
राजसमंद,डीपी न्यूज नेटवर्क । जिले के कुंभलगढ़ में एक सरकारी स्कूल का टीचर, स्कूल की 2 साल पहले स्टूडेंट रही विवाहिता को उसके ससुराल से भगा ले गया। इसके बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला लगा दिया और नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोपी टीचर को पकड़ने की मांग की। विभाग ने आरोपी शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है।
स्कूल पर ताला लगाने और ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना पर कुंभलगढ़ एसडीएम एसडीएम उपेंद्र कुमार शर्मा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर जल्द मामले को देखने के आदेश दिए। इसके बाद तहसीलदार विनोद कुमार जांगिड़, केलवाड़ा थाना अधिकारी विशाल गवारिया जाप्ते के साथ गांव पहुंचे और समझाइश की। मौके पर पहुंचे ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल टांक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक को सस्पेंड भी कर दिया गया है। शिक्षक अभी फरार है।
एक ग्रामीण ने बताया-कुंभलगढ़ के एक दूसरे स्कूल में टूर्नामेंट था, उसमें आरोपी टीचर की ड्यूटी लगी थी। 26 अगस्त से आरोपी टीचर स्कूल नहीं आ रहा था। आरोपी टीचर ने यहीं पर एक कमरा भी किराए पर ले रखा था, उसको भी 25 अगस्त को खाली कर दिया था। टूर्नामेंट कराने वाले स्कूल के प्रिसिंपल ने टीचर के स्कूल में फोन कर पूछा था कि 26 अगस्त से ये स्कूल क्यों नहीं आ रहे हैं। जिस पर स्कूल स्टाफ ने भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
विवाहिता ने 12वीं की पढ़ाई के बाद 2 साल पहले स्कूल छोड़ दिया। विवाहिता छात्रा का ससुराल पास के ही एक गांव में है। लेकिन उसके ससुर की नौकरी होने के कारण जिले के दूसरे कस्बे में रहती है। विवाहिता छात्रा 29 अगस्त से घर से गायब थी। लड़की के ससुराल वालों ने गांव में भी फोन लगाया। दोनों के गायब होने का पता चलने पर लोगों को इसकी जानकारी लगी। सोमवार को ग्रामीण स्कूल पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। गांव वालों की मांग है कि स्कूल के इस शिक्षक के साथ पूरे स्टाफ को सस्पेंड किया जाना चाहिए। वहीं स्कूल में पढ़ने वाली एक और छात्रा ने आरोपी टीचर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने टीचर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
