जिला एवं राज्य स्तरीय 14 वर्ष आयु वर्ग (छात्र-छात्रा) की खेलकूद प्रतियोगिताएं आगामी आदेश तक स्थगित
- निदेशक के आदेश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने भी निकाला स्थगन आदेश
- प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मूल पद स्थापन स्थान हेतु कार्य मुक्त करने के निर्देश जारी
- आयोजकों द्वारा खेल मैदानो में जल भराव होने की जानकारी देने एवं मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश/अतिवृष्टि की चेतावनी के कारण किए गए स्थगित
- कई जगह आज (शनिवार )से शुरू होने वाली थी प्रतियोगिताएं
उदयपुर,कन्हेयालाल मेनारिया । विभिन्न जिलों में आयोजकों द्वारा खेल मैदानो में जल भराव होने की जानकारी देने एवं मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश /अतिवृष्टि की चेतावनी के कारण निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर सीताराम जाट द्वारा शुक्रवार को आदेश जारी कर 68वीं जिला एवं राज्य स्तरीय 14 वर्ष आयु वर्ग छात्र-छात्रा की खेलकूद प्रतियोगिताएं आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए जाने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक शिक्षा उदयपुर ननिहाल सिंह चौहान ने भी आज शुक्रवार को ही 14 वर्षीय छात्र-छात्रा की जिला स्तरीय समस्त प्रतियोगिताएं अग्रिम आदेश तक स्थगित करने के आदेश जारी कर दिए ।
प्रारंभिक शिक्षा जिला खेलकूद संचालन समिति के प्रभारी युगल किशोर शर्मा ने आदेश का हवाला देते हुए बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय द्वारा
20 एवं 26 अगस्त 2024 को खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन संबंधी आदेशों को प्रत्याहारित कर लिया गया है एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दी गई है।
चौहान ने आदेश में समस्त जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजको एवं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के संयोजक को प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुक्रवार को ही अपने मूल पद स्थापन स्थान हेतु कार्य मुक्त करने के निर्देश दिए। प्रति नियुक्ति पर लगे सभी अधिकारी कार्मिक व शारीरिक शिक्षक शनिवार को अपने मूल पदस्थापन विद्यालय में ज्वॉइन करें।
