उदयपुर : नशीला पदार्थ पिलाकर नाबालिग से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
कानोड़ थाना पुलिस ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी नरेन्द्र वैष्णव को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को थाना क्षेत्र से एक किशोरी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि किशोरी रोज की तरह स्कूल गई थी, लेकिन वो स्कूल नहीं पहुंची। परिजनो ने स्कूल के पास रहने वाले नरेन्द्र वैष्णव से भी पूछताछ की। तब उसने बताया कि बच्ची लैब में सो गई, फिर थोड़ी देर बाद कहा कि लाइब्रेरी में सो गई होगी। तभी बच्ची उसके घर से निकली। इस पर परिजनों को शंका हुई, लेकिन आरोपी ने बच्ची को डरा-धमका दिया था। इससे वह कुछ बता नहीं रही थी। बाद में नरेन्द्र वैष्णव ने कहा कि बच्ची की तबीयत खराब थी, जिसके कारण उसकी पत्नी ने गोली देकर सुला दिया। परिजन नरेन्द्र वैष्णव के घर गए तो पता चला कि उसकी पत्नी दो दिन से घर पर नहीं है। इसी बीच रात को एक चिठ्ठी छोड़ कर किशोरी कहीं चली गई। गुरुवार को खुद किशोरी कानोड़ थाने पहुंची। उसने बताया कि नरेन्द्र ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पोस्को एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी नरेंद्र को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
