बारिश का ऑरेंज अलर्ट : केलुपाश मकान की छत गिरी,घर ढहने से एक की मौत ; सोम कागदर बांध छलका,
उदयपुर जिले में रातभर रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हुई जो अनवरत जारी है। आज सुबह तेज ठंडी हवाओं के साथ बारिश हुई। ठंडी हवाओं से मौसम पूरी तरह ठंडा हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में बारिश हो रही है और जलाशयों में पानी की आवक बनी हुई है। उदयपुर जिले के ऋषभदेव क्षेत्र में सोम कागदर बांध छलक गया है। कैचमेंट में जोरदार बारिश से आज दोपहर पौने तीन बजे बांध छलक गया है। एक दिन पहले बांध का जलस्तर 11.600 मीटर था।
कच्चा घर ढहा, एक की मौत

बावलवाड़ा थाना क्षेत्र की कानपुर ग्राम पंचायत के चिकलवास में मंगलवार तड़के करीब चार बजे कच्चा झोपड़ीनुमा मकान गिरने से एक जने की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लगातार तीन-चार दिन से हो रही बारिश के बीच आज सुबह केलुपोश झोपड़ीनुमा घर की दीवार भरभरा कर ढहने से मकान की छत भी गिर गई। इस दौरान तुलसीराम पुत्र हवजी खराड़ी की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
पास ही रहने वाले कानपुर सरपंच लालूराम खराड़ी को चिल्लाने की आवाज सुनकर बाहर आए। बाद में मौके पर ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। मलबे में दबे तुलसीराम को करीब 2 से 3 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घटना की सूचना पर बावलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। बताते है कि मृतक की पत्नी मजदूरी के लिए गुजरात में है। मृतक के दो बेटे और पांच बेटियां है।
चोराई गांव में केलुपोश मकान की छत गिरी,जनहानि टली

3 – 4 दिनो से हो रही कभी तेज तो कभी धीमी बारिश के कारण ऋषभदेव उपखंड के चोराई गांव में एक केलूपोश मकान की छत गिर गई । मकान मालिक नाथूलाल सपरिवार बाहर गए हुए थे जिसके कारण बड़ा हादसा होने से टल गया ।
झाड़ोल में सांडोल माता एनीकट पर चली चादर

उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में सोमवार की सुबह से बारिश का दौर जारी है। यहां पर सांडोल माता का एनीकट पर चादर चल गई है। झाड़ोल क्षेत्र में बीते 24 घंटे में एक इंच बारिश हुई है और वहां पर 1 जून से अब तक कुल 18 इंच बारिश हो चुकी है।
बावलवाडा में सोम नदी उफान पर,

उदयपुर जिले के बावलवाड़ा क्षेत्र में पिछले दिनों से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश से क्षेत्र के जलाशयों में पानी की आवक हो रही है। पास के ढ़ीकवास स्थित दो नदी बांध पर चादर चलने के बाद सोम नदी उफान पर है।
