उदयपुर में चाकूबाजी से घायल छात्र की मौत : 3 घंटे चली समझौता वार्ता में संविदा नौकरी सहित विभिन्न मांगों के साथ बनी सहमति,पोस्टमार्टम जारी

डीपी न्यूज नेटवर्क । उदयपुर में 16 अगस्त को हुई चाकूबाजी की घटना में घायल स्टूडेंट की मौत हो गई है। एमबी अस्पताल में भर्ती छात्र की दोपहर करीब 3 बजे तबीयत बिगड़ गई थी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। छात्र के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया।

परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और दोषी को सजा देने समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक के परिजनों को 51 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने, परिवार के 1 सदस्य को संविदा पर नौकरी देने और एसटी-एससी एक्ट के तहत मामले में कार्रवाई करने पर सहमति बन गई है।

लोगों ने परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने और स्कूल स्टाफ को हटाने की मांग की है। सरकारी नौकरी के लिए प्रशासन सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। मांगों पर सहमति बनने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

इससे पहले छात्र की मौत के बाद विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता अस्पताल में पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए इमरजेंसी गेट के सामने इकट्ठा होना शुरू हो गए। लोगों का कहना है कि 4 दिन तक हमसे झूठ कहते रहे, गुमराह करते रहे। आज अगर डिक्लेयर करना था तो रात को करते। आप तो दिल्ली ले जा रहे थे, जयपुर ले जा रहे थे। हमसे झूठ क्यों बोला, आज अचानक डेथ कैसे हुई?

उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट, कलेक्टर अरविंद पोसवाल, आईजी अजयपाल लांबा, एसपी योगेश गोयल समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

आईजी बोले- माहौल खराब करने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई होगी

रेंज आईजी अजयपाल लांबा ने कहा- बच्चे के प्रति हमारी पूरी संवेदनाएं हैं। उदयपुरवासियों से अपील है कि किसी अफवाह पर ध्यान न दें। बच्चे के परिवार को सांत्वना दें और सच्ची सांत्वना यही होगी कि घरों में बैठें और शांति बनाए रखें।

आईजी ने कहा- हमने पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में धारा 144 लागू है। किसी भी सूरत में उदयपुर शहर की शांति को प्रभावित नहीं होने देंगे। आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। आगे इस मामले को ट्रायल कोर्ट में लीगल अंजाम तक पहुंचाया जा रहा है।

संभागीय आयुक्त बोले- परिजनों का साथ दें, शांति बनाए रखें

संभागीय आयुक्त राजीव भट्ट बोले- हमारे डॉक्टर्स ने बचाने की पूरी कोशिश की। हमने, आपने सभी ने दुआएं मांगी थी, लेकिन घाव इतना गहरा था, खून इतना बह चुका था कि बच्चे को बचाया नहीं जा सका। अब हमारी जिम्मेदारी बनती है कि परिजनों का साथ दें और शांति बनाए रखें। अपील है कि उदयपुर की प्रतिष्ठा पर आंच न आए।

 

 

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!