ओवरटेक के चक्कर में रोडवेज बस ने खड़ी कार को मारी टक्कर,चालक के खिलाफ थाने में मामला दर्ज़
उदयपुर से बांसवाड़ा जा रही राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की एक बस ने शनिवार सुबह खड़ी कार को टक्कर मार दी। इससे कार में सवार यात्री तो बच गए पर कार के पीछे का भाग क्षतिग्रस्त हो गया। कार मालिक ने शनिवार शाम को बस चालक के विरुद्ध झल्लारा थाने में लापरवाही पूर्वक वाहन चला कर दुर्घटना कारित करने का प्रकरण दर्ज करवाया। बताया गया कि थाना क्षेत्र के शेषपुर गांव निवासी भूपेंद्र कुमार पुत्र गिरिजा शंकर भट्ट अपने परिवार के साथ कार से एक सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे।
भूपेंद्र किसी काम से झल्लारा गांव के बस स्टैंड किनारे अपनी कार खड़ी कर नीचे उतरे थे कि अचानक एक रोडवेज बस ने पीछे से कार को टक्कर मार दी। बताया गया कि रोडवेज चालक उससे आगे चल रही बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच यह हादसा हो गया। हालांकि हादसे के समय कार के आसपास कोई नहीं था, जिससे जनहानि होने से टल गई।
कार में बैठे सदस्य भी बाल बाल बच गए। कार को टक्कर मारने के बाद चालक बस को मौके से भगा ले गया। कार चालक ने पीछा करते हुए बस को पकड़ा। थाने ले गया, जहां पीड़ित कार चालक की रिपोर्ट पर बस चालक के विरुद्ध लापरवाही पूर्वक वाहन चला कर दुर्घटना करने के आशय का प्रकरण दर्ज करवाया, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की।
