उदयपुर में छात्रो के बीच चाकूबाजी का मामला : आरोपी स्टूडेंट के घर नगर-निगम ने नोटिस चिपकाया, मकान के दस्तावेज पेश करने को कहा
उदयपुर में दो स्टूडेंट के झगड़े से हुए बवाल के बाद आज भी हालात तनावपूर्ण, लेकिन कंट्रोल में हैं। आज शहर में नेटबंदी है और स्कूल कॉलेज भी बंद हैं। इस बीच शनिवार सुबह करीब 10 बजे नगर-निगम प्रशासन ने हमलावर स्टूडेंट के घर पर नोटिस चिपकाया है। उसके मकान से संबंधित सभी दस्तावेज पेश करने को कहा गया है।
उदयपुर में हिंसा के बाद अलर्ट पर प्रशासन, आईजी अजयपाल लांबा ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
वहीं, दावा किया जा रहा है कि दोनों स्टूडेंट के बीच तीन-चार दिन से झगड़ा चल रहा था, लेकिन स्कूल प्रशासन को इसकी भनक नहीं लगी। आरोपी स्टूडेंट की एक सोशल मीडिया चैट भी सामने आई है जिसमें वो दूसरे दोस्त के साथ हमले और जान से मारने की बात कर रहा है। बताया जा रहा है कि ये चैट हमले से तीन दिन पहले की है।
दरअसल, शुक्रवार सुबह शहर भट्टियानी चौहट्टा के सरकारी स्कूल एक स्टूडेंट ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया था। इसके बाद शहर में तोड़फोड़ और आगजनी हुई थी।
अपराधी पर सख्त कार्रवाई होगी – गृह राज्य मंत्री
उदयपुर में हुए घटनाक्रम को लेकर सरकार भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा जो भी अपराधी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री भी इस मामले में गंभीर हैं। सीएम ने पूरे मामले पर फीडबैक लिया है। उन्होंने कहा कि वे खुद लगातार जिले के अधिकारियों से संपर्क में हैं।
सरकार की प्राथमिकता बच्चे की जान बचाना और उसको सही इलाज देना है। बेढ़म ने सभी से की शांति बनाए रखने की अपील की हैं।
MLA मीणा बोले- बुलडोजर चलाना चाहिए
उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि ये बहुत बुरी घटना है। हमने स्थिति को देख कंट्रोल करने का प्रयास किया। मैंने सीएम भजनलाल शर्मा से भी बात की है। शहर के हालातों को कंट्रोल लेने को लेकर चर्चा की गई। अभी हालात कंट्रोल में हैं। विधायक ने कहा की भाजपा सरकार ने पहले भी बुलडोजर चलाए है और यहां पर भी बुलडोजर चलाने की जरूरत होगी तो चलाएगी। मीणा ने अपनी तरफ से कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर जरूर बुलडोजर चलाना चाहिए।
