मोहनलाल सुखाडिया यूनिवर्सिटी में भूख हड़ताल पर बैठी छात्राओं की तबीयत बिगड़ी : हॉस्पिटल में कराया भर्ती, संशोधित रिजल्ट की मांग पर 3 दिन से धरना जारी
मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में भूख हड़ताल पर बैठी 4 छात्राओं में से गुरुवार को 2 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ऐसे में साथी स्टूडेंट्स ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उन्हें एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया। जहां उनका इलाज जारी है। यूनिवर्सिटी में विभिन्न मांगों को लेकर 4 छात्राएं और 1 छात्र बीते तीन दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं, सैकड़ों छात्र इन्हें समर्थन के लिए मौके पर मौजूद हैं। इनमें छात्रा दिव्या सालवी और नीलम मेघवाल गुरुवार दोपहर को अचानक बेहोश हो गईं। जिसके बाद स्टूडेंट्स ने एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें हॉस्पिटल भर्ती कराया। वहीं, छात्रा अंजलि कुमारी, जया ठाकुर सहित छात्र हर्षवर्धन नाथ चौहान यूनिवर्सिटी प्रशासनिक भवन के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इनका कहना है कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती। भूख हड़ताल जारी रहेगी।
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस पर वीसी प्रो. सुनीता मिश्रा ने प्रशासनिक भवन पर तिरंगा फहराया। छात्रनेता अविनाश कुमावत ने बताया ध्वजारोहण के दौरान छात्राओं ने वीसी को ‘गो बेक-गो बैक’ लिखी तख्तियां दिखाकर विरोध जताया।
इस दौरान वीसी से मांगों पर बात करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने वार्ता से मना कर दिया। बता दें, छात्र-छात्राएं बीए, बीएससी और बीकॉम में संशोधित रिजल्ट जारी कराने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में वीसी को ज्ञापन सौंप चुके लेकिन उन्हें संतुष्ट जबाव नहीं मिला। ऐसे में छात्र इस मांग पर अड़े हैं कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, भूख हड़ताल जारी रखेंगे।


