शराब के नशे में झगड़ रहे बदमाशो को छुड़ाने गई पुलिस पर किया हमला, गाड़ी पर पत्थर फेंके, दो पुलिसकर्मी घायल
शराब के नशे में झगड़ रहे बदमाशों को छुड़ाने गई पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ के साथ ही दो पुलिसकर्मियों को चोटें आई है। पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सागवाड़ा रेफर किया गया। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए। मामला साबला थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 12 बजे हुआ।
थानाधिकारी राकेश कटारा ने बताया कि निठाउआ मार्ग पर होटल तूफान के पास बदमाश शराब पीकर ढाबे में झगड़ रहे थे। सूचना पर हेड कॉन्स्टेबल मानशंकर और उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बदमाश नहीं माने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल मानशंकर को सिर और नाक पर चोटें आईं, जिससे उन्हें सागवाड़ा रेफर किया गया। कॉन्स्टेबल जयपाल सिंह के सिर पर भी चोट आई। बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए।
साबला थाने के कॉन्स्टेबल जयपाल सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों में मछलिया थाना क्षेत्र के निठाउआ निवासी राकु उर्फ रागां उर्फ राकेश पुत्र नारायण मीणा, अर्जुन पुत्र भमरीया बरगोट, राजु पुत्र शंकर बरगोट, राकेश पुत्र नानीया मीणा, जगु पुत्र पपिया मीणा, गड़ा अरंडिया निवासी शांतिलाल, देवपुरा निवासी महावीर पुत्र हरजी और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
DSP आसपुर हरजीराम चौधरी ने कहा कि रात को कुछ बदमाशों ने पुलिस पर हमला किया, जिससे चोटें आई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम काम कर रही है।
