उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) ने 2 दुकानें और 1 मकान किया सीज,सेट बैक छोड़े बिना निर्माण किया
उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) की टीम ने सोमवार को उदयपुर शहर में दो कार्रवाई की। एक में टीम ने नियम विपरीत बनी दो दुकानों को और दूसरी कार्रवाई में मकान को सीज किया। प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन के निर्देशन पर यूडीए की टीमों ने यह कार्रवाई आज की। उपायुक्त जितेन्द्र ओझा ने बताया कि सबसे पहले पानेरियों की मादड़ी में टीम ने तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा के साथ कार्रवाई की।
वहां पर राजस्व ग्राम पानेरियों की मादडी के आराजी संख्या 12 आवासीय रूपान्तरित भूमि पर बिना स्वीकृति एवं बिना रूपान्तरण एवं बिना भू-उपयोग परिवर्तन करवाए ही सड़क मार्गाधिकार से लगती हुए शून्य सेट बैक पर दो दुकानों का निर्माण कर दिया गया।
ओझा ने बताया कि इसको लेकर उदयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत उक्त व्यवसायिक निर्माण को बन्द करने के लिए पाबंद किया गया। लेकिन, वहां निर्माण जारी रखा गया। इस क्रम में निर्माण के तहत बनी दोनों दुकानों को सीज कर दिया है।
इसी क्रम में राजस्व ग्राम तितरड़ी के आराजी संख्या 05 जो रिकार्ड अनुसार कृषि भूमि है एवं इसके रूपान्तरण के कार्रवाई प्राधिकरण द्वारा नहीं की गई। इस भूमि पर अवैध रूप से मकान का निर्माण किया जा रहा था। उक्त निर्माण के खिलाफ भी प्राधिकरण ने धारा 32 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की। आज इस मकान को भी सीज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा, राजस्व निरीक्षक बाबूलाल तावड़, विजय नायक, भरत हथाया, राजेश मेहता, पटवारी हितेन्द्र सिंह तंवर एवं होमगार्ड जाब्ता शामिल रहे।
