खेत पर जा रही मां पर भैस ने किया हमला,बेटा बचाने गया तो सींगो से उठा कर पटका, बेटे की मौत,मां घायल

झुंड में चल रहे भैंसे ने खेत पर जा रही मां पर हमला कर दिया। इस दौरान पीछे चल रहा बेटा दौड़कर आगे आया तो भैंसे ने उसे सींगों से उठाकर पटक दिया। इसके बाद करीब 5 मिनट तक उस पर सींगों से हमला करता रहा। पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने यह देखा तो शोर मचाकर भैंसे को भगाया, लेकिन तब तक युवक गंभीर घायल हो गया। ग्रामीणों मां-बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र की है।

SHO दौलत सिंह ने बताया- डूंगरपुर से 5 किलोमीटर दूर रायकी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह (28) पुत्र हिम्मत सिंह और उसकी मां अंदर कंवर पत्नी हिम्मत सिंह शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे खेतों की तरफ जा रहे थे। सुरेंद्र पीछे चल रहा था और उसकी मां आगे चल रही थी। इस दौरान रास्ते में भैंसों का झुंड आया।

झुंड के साथ चल रहे एक भैंसे ने अंदर कंवर पर हमला कर दिया। मां पर भैंसे के हमला करने पर सुरेंद्र दौड़कर उसको बचाने पहुंचा। इस दौरान भैंसे ने अंदर कंवर को छोड़ दिया और सुरेंद्र पर हमला कर दिया। भैंसे ने सुरेंद्र को सींगों से उठाकर कई बार जमीन पर पटका।

SHO ने बताया- पास के खेतों में ही काम कर रहे ग्रामीणों ने जब भैंसे को हमला करते देखा तो शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन भैंसा लगातार हमला करता रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने जैसे-तैसे सुरेंद्र को भैंसे से छुड़ाया, लेकिन तब तक वह गंभीर घायल हो गया था। इसके बाद ग्रामीण सुरेंद्र और अंदर कंवर को आसपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंदर कंवर को गंभीर हालत में सागवाड़ा रेफर कर दिया।

सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने सुरेंद्र के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। रविवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने बताया- सुरेंद्र खेती बाड़ी का काम करता था। वह ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। सुरेंद्र के एक 3 साल की बच्ची है। सुरेंद्र के पिता हिम्मत सिंह ड्राइविंग का काम करते हैं।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!