शिक्षक हत्याकांड मामला : तीसरे दिन धरना समाप्त,31 लाख रूपये आर्थिक सहायता, संविदा पर नोकरी, अस्थाई पुलिस चौकी पर बनी सहमति
सलूंबर जिले के अदवास गांव स्थित मेघवाल बस्ती में घर बैठे शिक्षक शंकरलाल मेघवाल की तलवार से गर्दन काटकर हत्या के मामले में तीसरे दिन शाम को मांगों पर सहमति बन पाई । रविवार को जिला प्रशासन और परिजन व समाज प्रमुख के बीच तीसरी वार्ता में मांग पूरी करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में मौजूद पूर्व जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल ने बताया कि पीड़ित परिवार को 31 लाख रुपए आर्थिक सहायता, मृतक शिक्षक की पत्नी को अनुकम्पा नौकरी, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और गांव में अस्थाई चौकी खोलने की मांग पर सहमति बनी है।
बैठक में आईजी अजयपाल लांबा, कमिश्नर राजेन्द्र भट्ट, सांसद मन्नालाल रावत सहित पीड़ित परिवार के लोग और समाज प्रमुख मौजूद थे। मांगों पर सहमति बनने के बाद मृतक शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
कल बंद नहीं होगा उदयपुर, निर्णय वापस लिया
पूर्व जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल ने बताया कि करीब एक घंटे की वार्ता के बाद प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। जिसके बाद हॉस्पिटल में जारी धरना समाप्त कर दिया है। साथ ही 29 जुलाई को जो उदयपुर बंद का आह्वान किया गया था, उसे भी वापस ले लिया गया है।
यह था पूरा मामला
गुरुवार रात को सलूंबर जिले के अदवास गांव में शिक्षक शंकरलाल मेघवाल की उसके दोस्त फतहसिंह ने गला काटकर हत्या कर दी थी। इस दौरान बेटे को बचाने आए पिता डालचंद मेघवाल पर भी हमलावर ने तलवार से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में पिता का एक हाथ कट गया। उनका उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना के दूसरे दिन गांव के जंगल में आरोपी फतहसिंह ने भी खुद के गले को तलवार लगा दी। खून से लथपथ फतहसिंह को पुलिस तुरंत एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंची, लेकिन यहां पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। टशिक्षक की हत्या के पीछे जादू-टोना को कारण बताया जा रहा है।
