सरकारी टीचर ने 12 वी की छात्रा को भेजे अश्लील मैसेज : टीचर ने लिखा – पास होगी तो मुझे क्या मिलेगा ; शिकायत पर कार्यवाही नही होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला, विभाग ने किया टीचर को एपीओ

डूंगरपुर में एक सरकारी स्कूल में टीचर के 12वीं क्लास की नाबालिग छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। चैट मैसेज में टीचर ने यह तक लिखा- ‘पास होगी तो मुझे क्या मिलेगा’। मामला साबला ब्लॉक के निठाउवा थाना क्षेत्र का है। परिजन की शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल की छुट्टी करवा दी। फिर स्कूल के गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद आसपुर एसडीएम के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने आरोपी टीचर को एपीओ कर दिया। परिजन ने निठाउवा पुलिस थाने में रिपोर्ट भी दी है। एसएचओ भवानी शंकर ने बताया- रिपोर्ट के आधार पर टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। इससे पहले, स्कूल की तालाबंदी की सूचना पर आसपुर एसडीएम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गांव वालों ने आरोपी टीचर के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई के बाद ताला खोलने की बात कही। 15 मिनट तक चली समझाइश के बाद स्कूल का ताला खोल दिया।

अप्रैल में भी भेजे थे अश्लील मैसेज

ग्रामीणों ने बताया- गांव के सरकारी स्कूल में कार्यरत टीचर (34) ने शुक्रवार (19 जुलाई) को 12वीं की एक छात्रा को सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर अश्लील मैसेज भेजे थे। इसकी शिकायत छात्रा की मां ने शनिवार (20 जुलाई) को स्कूल के प्रिंसिपल से की थी। प्रिंसिपल ने मामले की सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी। लेकिन, विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे परिजन और गांव वाले आक्रोशित हो गए। वे मंगलवार सुबह 10 बजे स्कूल पहुंचे और स्कूल की छुट्‌टी करवा दी। इसके बाद स्कूल पर ताला जड़ दिया। आरोपी टीचर ने इससे पहले अप्रैल में भी छात्रा को मैसेज किए थे। तब शिकायत करने पर टीचर ने मैसेज करना बंद कर दिया था।

टीचर के मैसेज आए सामने

अप्रैल के महीने भी टीचर ने छात्रा को मैसेज किए थे। जब छात्रा ने एग्जाम को लेकर पूछा तो टीचर ने लिखा- ‘फेल है तू’। नाबालिग ने कारण पूछा तो टीचर ने लिखा कि पास होकर क्या करोगी। छात्रा ने जवाब दिया कि वह 12वीं में जाएगी। इस पर टीचर ने पूछा- ‘उसे क्या मिलेगा’।

पहले भी कर चुके हैं शिकायत

ग्रामीणों ने बताया कि यह टीचर आए दिन शराब पीकर स्कूल आता है और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करता है। इस टीचर की पूर्व में भी दो बार 4 और 6 महीने पहले शिकायत की जा चुकी है। लेकिन, विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!