डुंगरपुर : चौरासी थाने का हेड कॉन्स्टेबल 7000 रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
डूंगरपुर एसीबी की टीम ने चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल कारुलाल यादव को 7 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने लड़की को भगाकर ले जाने और छेड़छाड़ मामले में राजीनामा होने के बाद जांच बंद करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने थाने में ही रिश्वत की राशि ली थी। फिलहाल एसीबी उपाधीक्षक रतनसिंह के नेतृत्व में कार्रवाई चल रही है।
डूंगरपुर एसीबी चौकी के उपाधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि 4 जुलाई को परिवादी ने चौकी में परिवाद दिया था। जिसमें बताया था कि एक लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने और छेड़छाड़ के मामले के परिवाद में ठोस कार्रवाई करने के नाम पर चौरासी थाने का हेड कॉन्स्टेबल कारुलाल यादव 10 हजार की डिमांड कर रहा है। जिस पर एसीबी ने सत्यापन करवाया, लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया। इधर इसके बाद दोनों पार्टियों के आपसी राजीनामा हो गया। इसके बाद वापस कारुलाल जांच को बंद करने के एवज में रिश्वत की मांग करने लगा। परिवादी ने 16 जुलाई को फिर से एसीबी में शिकायत की। शिकायत के बाद एसीबी ने सत्यापन करवाया। सत्यापन में 7 हजार की राशि तय होने की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रेप का जाल बिछाया। आरोपी कारुलाल को चौरासी थाने में 7 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। फिलहाल एसीबी उपाधीक्षक रतन सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई जारी है।
