उदयपुर : जमीन के नाम पर परिचित से 9 लाख रुपए हड़पे, मामला दर्ज
हाथीपोल थाना क्षेत्र में परिचित ने 6 लाख रुपए उधार लेकर हड़प लिए। पैसे मांगे तो साथी से मिलवाया। दोनों ने किसी और की जमीन बेचने का झांसा देकर उनके नाम फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी करवा दी और 3 लाख रुपए उधार लेकर हड़प लिए। पुलिस के अनुसार कुमावतपुरा, सूरजपोल निवासी श्रीपाल पुत्र नानूराम मीणा ने कोर्ट में इस्तगासा पेश किया। इसमें बताया कि देबारी, पॉवर हाउस चौराहा निवासी परिचित जगदीश पुत्र भूरा डांगी ने उनसे 6 लाख रुपए उधार लिए थे। बार-बार तकाजा करने पर भी उसने पैसे नहीं चुकाए। इसी बीच, जगदीश ने जेतावाड़ा, झाड़ोल निवासी सरदार उर्फ सरदारा पुत्र बंदा उर्फ बेदा जी भील से मिलवाया। उसने बताया कि ढीकली में उसकी 0.2950 हैक्टेयर भूमि है, जिसे बेचना है। सरदार ने कहा कि वह काम के सिलसिले में अधिकतर शहर से बाहर रहता है, इसलिए बेच नहीं पा रहा है। इसे बेचने के लिए सरदार ने पिछले साल 12 जनवरी को पॉवर ऑफ अटॉर्नी उनके नाम कर दी। गवाही में साकरोदा निवासी कमलेश पुत्र लोगरलाल और गाडरियावास निवासी बाबूलाल पुत्र नंदलाल गायरी ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान सरदार ने 3 लाख रुपए उधार ले लिए। जमीन बिक जाने पर पैसे लौटाने का आश्वासन दिया। वह जमीन बेचने के लिए मौके पर गए, जहां पता चला कि पॉवर ऑफ अटॉर्नी नाम कराने वाले का नाम सरदार नहीं है। वह जगदीश से मिले और फर्जीवाड़े के बारे में बताया। उसने देखने के लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी मांगी और अपने पास रख ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
