मोबाइल चलाने को लेकर मां ने डांटा तो 11 साल की नाबालिग ने फंदे से लटकर की आत्महत्या
मोबाइल चलाने को लेकर मां ने डांटा तो 11 साल की नाबालिग ने अपने कमरे में जाकर सुसाइड कर लिया। उसने कमरे में जाकर चुन्नी का फंदा बनाया और अपनी जान दे दी। मामला जोधपुर के विवेक विहार थाना इलाके का है।
SHO जितेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8.30 बजे नाबालिग लड़की आरना (11) के सुसाइड करने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे और जांच की। पिता ने मर्ग दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि मां ने बेटी को डांटा था। इसके बाद बच्ची ने कमरे में जाकर अलमारी के कुंदे से चुन्नी का फंदा लगाया और लटक कर सुसाइड कर लिया। नाबालिग के पिता साइंटिस्ट हैं और उसकी मां डॉक्टर हैं।
उन्होंने बताया- पुलिस की जांच में सामने आया कि बच्ची 7वीं क्लास में पढ़ती थी। उसके पास एक टैबलेट था, जिसका वह ज्यादा यूज करने लगी थी। इसको लेकर मां ने उसे डांट लगाई थी। इससे नाबालिग गुस्सा हो गई थी और कमरे में जाकर चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
