उदयपुर में हिप्नोटाइज कर महिला से लूट : खुद ही कैश और गोल्ड सौंपे, महिला बोली – पास आकर लिक्विड छिड़का सर पर हाथ फेरा
उदयपुर शहर के सबसे व्यस्त रहने वाले देहलीगेट-बापू बाजार इलाके में महिला को हिप्नोटाइज कर उसके साथ लूट कर ली। उसने अपने पास रखा सोना, मोबाइल और कैश बदमाशों को दे दिया। घटना उदयपुर में शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। मामला उदयपुर के सूरजपोल पुलिस थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार देहलीगेट चौराहा से बापूबाजार की तरफ टर्न लेते ही घड़ी की शॉप के बाहर यह घटना हुई। घटना की शिकार हुई उदयपुर के न्यू भूपालपुरा स्थित सौरभ एनक्लेव अपार्टमेंट निवासी रेखा पत्नी दीपक जैन के साथ हुई। रेखा उस समय अपने घर से पति के हाथीपोल स्थित हार्डवेयर की शॉप पर टिफिन देने गई थी।
बाद में शाम को दुकान से वह घर जाने से निकली तब करीब पौन किलोमीटर दूर देहलीगेट चौराहा पर उतर कर किराना का सामान लेने गई थी तब यह घटना हुई। बदमाश ने उसको अपने वश में ऐसे किया कि रेखा के सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, पर्स और मोबाइल उससे ले गए।
ऐसे रेखा को अपने वश में किया
रेखा ने बताया कि घड़ी की शॉप जहां पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है और मुख्य मार्केट है वहां पर दो जनों ने उसे रोका और पूछा कि वह कभी मथुरा गई हैं? महिला ने इनकार किया तो बदमाशों ने पूछा कि वह किस भगवान को मानती है? रेखा ने कहा कि वह भगवान महावीर स्वामी को मानती है। इस बीच उन्होंने उनके सिर पर हाथ रखा और वह सुध-बुध खो बैठी।
गहने, मोबाइल जो मांगा वो रेखा ने दिया
रेखा ने बताया कि उनके कहने पर उन्होंने सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, चेन, पर्स और मोबाइल दे दिए। पर्स में 1100 रुपए थे। थोड़ी देर बाद बदमाश वहां से चले गए और रेखा जब सामान्य हुई तब उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है। उसने तत्काल अपने पति तक सूचना पहुंचाई।
महिला बोली-उन्होंने लिक्विड का छिड़काव किया
रेखा के पति दीपक जैन ने बताया कि पत्नी सामान्य हुई तब उसने बताया कि उनके हाथ में लिक्विड था। उन्होंने उसका छिड़काव उसके सिर और हाथ पर किया और उसके बाद करीब 15 मिनट तक उसे कुछ पता नहीं चला। रेखा ने यह भी बताया कि उसे बीच में दो मिनट पूर्व दिशा में भेजा था। उसने बताया कि बातचीत के दौरान ही जो साथ में एक अन्य व्यक्ति था वो बार-बार मुख्य बदमाश के पांव छू रहा था और कह रहा था ये गुरु है, आप भगवान के मंत्र पढ़े।
सीसी टीवी फुटेज में बदमाश दिखे
सूचना मिलने पर सूरजपोल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां पूरे मामले को समझा और उसके बाद आसपास लगे सीसी टीवी खंगाले। फुटेज में साफ तौर पर दिखा कि रेखा के साथ दोनों बदमाश बातचीत कर रहे थे।
