उदयपुर में बिजली लाइन की चपेट में आई बच्ची : मोबाइल पर गिरी आकाशीय बिजली,किशोरी के कंधे से होकर पैरों से निकली, 20 मिनट बेहोश रही, एमबी में भर्ती

मोबाइल पर बात कर रही किशोरी आकाशीय बिजली गिरने से झुलस गई। इससे 12 साल की लड़की के एक ओर के कंधे से लेकर आधा हिस्सा झुलस गया। कंधे से उतरी हुई बिजली पैरों का अर्थिंग लेते हुए जमीन में समा गई। घटना के बाद किशोरी करीब 20 मिनट तक मौके पर बेहोश पड़ी रही। बाद में अज्ञात युवक की सूचना पर पिता पहाड़ी पर बिजली की चपेट में आई बेटी को लेने पहुंचा। बेटी वहीं बेहोश पड़ी मिली। बेटी का पहले प्रतापगढ़ हॉस्पिटल में उपचार हुआ। बाद में गुरुवार रात उसे एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शुक्रवार शाम को हालत में सुधार के बाद सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया।

इधर, निंबाहेड़ा की शास्त्री कॉलोनी में छत पर खेल रही 9 साल की बच्ची करीब 90 फीसदी झुलस गई। गंभीर हालत में बच्ची को उदयपुर रेफर किया। कटारों का खेड़ा, सुहागपुरा-प्रतापगढ़ निवासी कन्हैयालाल मीणा ने बताया कि उसकी बेटी अंजू मीणा (12) पुराने मकान से निर्माणाधीन नए मकान जा रही थी। हाथ में मोबाइल और टॉर्च थी। दोपहर करीब 2:30 बजे आकाशीय बिजली गिरी। पहाड़ी पर बिजली गिरते उसने खुद ने देखी। 20 मिनट बाद गांव के ही युवक ने अज्ञात लड़की के बेहोश पड़े होने की सूचना दी। मौके पर बेटी को पड़ा देखा। बिना देर लगाए उसे प्रतापगढ़ चिकित्सालय ले गए जहां से डॉक्टरों ने उदयपुर रेफर किया।

पिता ने बताया अब हालत में सुधार है। निंबाहेड़ा की शास्त्री कॉलोनी में पलक (9) पुत्री रवि बैरवा शुक्रवार को घर की छत पर खेल रही थी। तभी बारिश से भीगी छत पर खेलते हुए वहां से गुजर रही 11 केवी लाइन ने बालिका को अपनी ओर खींच लिया। घटना में बालिका बुरी तरह झुलस गई। एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से प्रभावित बालिका की हालत में सुधार है, जबकि निंबाहेड़ा से झुलसी हुई आई बच्ची का उपचार जारी है।

 

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!