डुंगरपुर : शादी के 4 साल बाद महिला की संदिग्ध मौत,पीहर पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
डूंगरपुर । कोतवाली थाना क्षेत्र में शहर के प्रतापनगर कॉलोनी में शादी के 4 साल बाद एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर उदयपुर से पहुंचे पीहर पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार निधि पंचाल की 4 साल पहले शहर के प्रतापनगर कॉलोनी निवासी निशांत पंचाल के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों की एक 2 साल की बेटी है। सोमवार दोपहर के समय निधि पंचाल की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। 2 साल की बच्ची घर के अंदर से चिल्लाती रही। इस पर ससुराल पक्ष के लोग दौड़कर आए। उसे तुरंत डूंगरपुर अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना पर सोमवार रात को उदयपुर से पीहर पक्ष के लोग पहुंचे। पीहर पक्ष ने विवाहिता के मौत पर शक जताते हुए हंगामा कर दिया और विवाहिता की हत्या करने के आरोप लगाए। पति निशांत बैंगलोर में नौकरी करता है। शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है। पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।
