झल्लारा में रात्रि चौपाल का हुआ आयोजन : पौधारोपण कर करें देखभाल : जिला कलेक्टर
सलूंबर जिला ब्यूरो चीफ,नितेश पटेल। दूर दराज होने के कारण कई बार आप दफ्तरों तक नहीं पहुंच पाते, दिन में खेतों में काम कर रहे होते है इसलिए रात में आपकी समस्याएं सुनने के लिए रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने यह बात झल्लारा में बुधवार रात को रात्रि चौपाल में कहीं। रात्री चौपाल में जिला कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आमजन की परिवेदनाएं सुनी।
रात्रि चौपाल में विद्युत, पेयजल, पंचायतीराज सहित सभी विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया। चिकित्सा विभाग के सीएमएचओ डॉ. जेपी बुनकर ने नशा मुक्ति के लिए आमजन को जागरूक किया।
रात्री चौपाल में ग्रामीण पेयजल की परिवेदनाएं लेकर आए इस पर जिला कलेक्टर ने पीएचईडी के एक्सईएन और जेईएन को इसकी जांच कर तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए तथा जिला कलेक्टर ने कहा कि कोई भी घर पेयजल से वंचित नहीं रहना चाहिए, जरूरत हो तो पानी सप्लाई के समय में वृद्धि करें।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों द्वारा घर के ऊपर से निकल रही विद्युत लाइन को हटवाने, आवास योजना में आवास दिलवाने, खाद्य सुरक्षा में नाम जुड़वाने, साइबर फ्रॉड की रकम को वापिस दिलवाने जैसे परिवाद दिए गए। जिला कलेक्टर ने कहा कि अत्यधिक दूरी होने से आपको जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं है, किसी भी तरह की शिकायत को टोल फ्री नंबर 181 पर भी दर्ज करवा सकते है। उन्होंने कहा कि इन परिवेदनाओ को भी संपर्क पोर्टल पर ही दर्ज किया जाएगा।
पौधारोपण कर करे देखभाल – जिला कलेक्टर
जिला कलेक्टर ने कहा कि आगामी मानसून में न केवल पौधारोपण करें बल्कि बेटे बेटियों की तरह इनका पालन पोषण भी करें। पिछले दिनों भीषण गर्मी को देखते हुए हमें गर्मी से बचने के लिए पेड़ों की आवश्यकता है। ग्राम पंचायत, वन विभाग, चारागाह की भूमि में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करें। किसान भाई प्रत्येक खेत में दो-चार पौधे जरूर लगाए। सभी गांववासी इस मुहिम में हिस्सा ले तथा जब भी जिले स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन हो तो गांव में बड़े स्तर पर पौधरोपण करें।
जल जीवन मिशन में हर घर पानी पहुंचाने का प्रयास
जिला कलेक्टर ने कहा कि पानी को बचाना, रिचार्ज करना तथा सुरक्षित करना वर्तमान की महती आवश्यकता है। सार्वजनिक जगह पर पानी के रुकने का उचित प्रबंध या मेड़ बनाए तथा इसके अतिरिक्त उन्होंने बहते हुए पानी को रोकने के लिए ग्राम पंचायत में जितनी भी जगह है, उस पर पानी बचाने के लिए महात्मा गांधी नरेगा से कार्य स्वीकृत करवाए। जिला कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।पानी का अनावश्यक प्रयोग ना करें तथा इसकी कीमत को समझे।
मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत निशुल्क ईलाज
जिला कलेक्टर ने बताया कि सरकारी तथा निजी अस्पतालों में जो व्यक्ति मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के पात्र हैं वह निशुल्क इलाज करवा सकते है। आप जब भी अस्पतालों में इलाज करवाने जाए तो जन आधार कार्ड साथ लेकर जाए तथा उन्हें पूछे कि क्या वह अस्पताल इस दायरे के अंतर्गत है। जिला कलेक्टर ने गांव वासियों से 1 जुलाई से स्कूल खुलने पर गांव के पढ़ने की उम्र के बच्चों को विद्यालय में प्रवेश करवाने की अपील की। खेतों के कार्य में न लगाया जाए तथा शिक्षा विभाग जब भी अभियान चलाए तो उसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा ले। रात्रि चौपाल में सभी विभागीय जिला स्तरीय अधिकारी,सरपंच और ग्रामीण मौजूद रहे।
