सेमारी : ड्यूटी से घर लोटते वक्त सूचना सहायक पर 3 बदमाशों ने किया जानलेवा हमला, चाकू से वार किए
सलूंबर जिले के सेमारी थाना क्षेत्र में ऋषभदेव रोड पर बांध के पास तहसील से ड्यूटी कर घर लौट रहे सूचना सहायक पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। सूचना सहायक चेतन लाल मीणा(27) निवासी भोपाफला सड़कड़ी के साथ मारपीट करते हुए उसके पेट में चाकू से वार कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
बदमाश सूचना सहायक का बैग और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की मदद से सूचना सहायक को सेमारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया लेकिन गंभीर हालत होने से उन्हें उदयपुर एमबी हॉस्पिटल रैफर कर दिया। सूचना पर सेमारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करते हुए मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों को ढूंढ रही है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला लूटपात के इरादे से किए गए हमले का लग रहा है। आरोपियों की तलाश जारी है।
