लोकसभा चुनाव 2024 : राजस्थान की 25 सीटों पर रिजल्ट कल,टोंक-सवाई माधोपुर का सबसे पहले और राजसमंद सीट का सबसे लास्ट में आएगा परिणाम

राजस्थान की 25 सीटों का परिणाम मंगलवार को आ जाएगा। इसको लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वोटों की गिनती 4 जून मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

इधर, राज्य चुनाव आयोग की ओर से काउंटिंग को लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश में 29 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। 8 बजे बाद से रूझान आने शुरू हो जाएंगे।

दोपहर 12 बजे तक सबसे पहले टोंक-सवाई माधोपुर सीट का रिजल्ट आने की संभावना है। सबसे बाद में राजसमंद सीट का परिणाम आ सकता है।

4 सीटों पर दो-दो मतगणना केंद्र

निर्वाचन आयोग ने 25 लोकसभा क्षेत्रों के लिए काउंटिंग की तैयारी कर ली है। इसमें जोधपुर, नागौर, करौली- धौलपुर और गंगानगर लोकसभा सीटों के लिए दो-दो काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं।

इन सभी मतगणना केंद्रों पर पानी से लेकर कूलर आदि की व्यवस्था होगी। इसके अलावा यहां मेडिकल टीम, एम्बुलेंस के साथ एक्स्ट्रा टावर भी लगाए गए हैं।

टोंक-सवाई माधोपुर में सबसे कम राउंड

लोकसभावार स्थिति देखें तो सबसे पहले रिजल्ट टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा सीट पर आ सकता है। यहां अधिकतम 20 राउंड में काउंटिंग पूरी हो जाएगी। यहां मौजूद आठ विधानसभा क्षेत्र में मालपुरा और निवाई ऐसी सीटें है, जहां 20-20 राउंड में काउंटिंग पूरी होगी। बाकी विधानसभा में 18 ओर 19 राउंड में काउंटिंग पूरी होगी। यहां हर विधानसभा में 14-14 टेबल लगाई गई है।

इसी तरह, राजसमंद लोकसभा सीट पर सर्वाधिक 28 राउंड में काउंटिंग पूरी होगी। यहां टेबल की संख्या हर विधानसभा में कम से कम 10 और अधिकतम 12 लगाई है। इसके कारण यहां काउंटिंग न्यूनतम 24 और अधिकतम 28 राउंड में पूरी होगी।

काउंटिंग के लिए प्रदेश में 1200 एआरओ नियुक्त

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि ईवीएम की मतगणना टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ और एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। इसी प्रकार पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एक काउंटिंग सुपरवाइजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे।

मतगणना टेबल पर अभ्यर्थी के काउंटिंग एजेंट भी रहेंगे। मतगणना टेबल के लिए करीब 3,550 माइक्रो ऑब्जर्वर और 1,200 से अधिक सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) नियुक्त किए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कुल 56 मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।

थ्री लेयर में होगी सिक्योरिटी, 360 डिग्री वीडियोग्राफी होगी

काउंटिंग को लेकर प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और एसपी को सिक्योरिटी और सुरक्षा इंतजाम की भी तैयारी पूरी हो चुकी है। हर मतगणना स्थल पर थ्री लेयर सिक्योरिटी होगी।

पहली लेयर काउंटिंग एरिया के 100 मीटर एरिया में होगी। दूसरी लेयर काउंटिंग वाली जगह के गेट के पास होगी और तीसरी लेयर काउंटिंग हॉल के दरवाजे पर रहेगा। यहां पर आर्म फोर्स और सीआरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे।

इसके अलावा सभी राउंड की सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से निगरानी रखी जाएगी। स्ट्रॉन्ग रूम से लेकर काउंटिंग हॉल तक आने वाली वीवीपैट मशीन और दूसरे सभी डॉक्युमेंट की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। इसके अलावा काउंटिंग के दौरन भी 360 डिग्री सीसीटीवी और कैमरा से रिकॉर्डिंग होगी।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!