उदयपुर : 3 बाइक सवार दोस्त बारातियों की जीप से भिड़े, तीनो की मौत : पेट्रोल टंकी फटने से 6 बाराती झुलसे ,2 गंभीर घायल
उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे 58ई पर सोमवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात में आई एक जीप और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक उछलकर सड़क पर गिरे। तीनों की मौत हो गई। बाद में बाइक की टंकी फटने से जीप में भी आग लग गई। इसमें जीप सवार 6 बाराती झुलस गए जिनमें से 2 गंभीर रूप से झुलसे हैं। फलासिया थानाधिकारी सीताराम ने बताया- हादसा उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम हुआ। बाइक पर तीन युवक सवार थे। तीनों दोस्त थे। हाईवे-58ई पर तुंदर मोड़ पर दोनों वाहनों की भीषण टक्कर हुई। युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक की टंकी फट गई और कुछ सेकेंड में ही दोनों वाहनों में आग लग गई। युवकों की मौत हादसे के कारण हुई। वहीं आग की चपेट में आने से जीप सवार एक महिला और युवक गंभीर रूप से झुलस गए। बाकी 4 लोग मामूली रूप से झुलसे। गंभीर रूप से झुलसी महिला व युवक को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल भिजवाया गया। जीप जलकर खाक हो गई।
हादसे में इन तीन दोस्तों की हुई मौत
फलासिया थानाधिकारी सीताराम के अनुसार हादसे में तुंदर निवासी सुनील (20) पुत्र हकाराम, राहुल (17) पुत्र चंपालाल और दीपक (18) पुत्र होजीलाल की मौत हो गई। जबकि जीप सवार महिला निरमा और रतनलाल आग में झुलस गए। जिनका उपचार जारी है।
पहले बाइक में आग लगी, फिर जीप जली
जानकारी अनुसार थाना इलाके के गरनवास गांव से आमोड़ गांव में बारात आई थी। सोमवार शाम बारात की जीप तुंदर से उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे 58ई पर पहुंची। तभी तुंदर मोड़ पर सामने फलासिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक की जीप से भिड़ंत हो गई।
बाइक सवार सुनील, राहुल और दीपक उछलकर करीब 15 फीट दूर जाकर गिरे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक जीप के बंपर में फंस गई और पेट्रोल टंकी फटने से बाइक व जीप में आग लग गई। स्थानील लोगों ने बाल्टियों सहित अन्य बरतनों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन काबू नहीं पा सके।
आग कुछ ही सेकेंड में भड़की। जीप में 6 लोग सवार थे। 4 लोग मामूली रूप से झुलसे। जीप में बैठी निरमा की साड़ी फंस गई। वह लपटों में घिर गई। उसे बचाने रतनलाल आगे आया। वह भी झुलस गया।
ग्रामीणों की सूचना पर फलासिया थानाधिकारी सीताराम मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से झाड़ोल अस्पताल भेजा। झाड़ोल अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बाइक सवार तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल निरमा पुत्री शिवलाल (गरनवास) और रतनलाल पुत्र शंकर लाल (मादड़ी) को उदयपुर रेफर किया।
थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि तीनों युवक आपस में दोस्त है और एक ही गांव के है। तीनों मजदूरी का काम करते है और किसान परिवार से है। ये सभी एक साथ बाइक पर फलासिया किसी काम से गए थे और वापस लौटते वक्त ये हादसा हुआ। तीनों के सर और हाथ पैर में गंभीर चोट लगी। मृतकों के शवों का आज पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।
