राजस्थान में गर्मी से अब तक 25 की मौत, कोटा में एक ही दिन में मिले 7 शव, लू की आशंका
नौतपा के तीसरे दिन प्रदेश में गर्मी का दौर अब पीक पर आ गया है। आज और कल तापमान ज्यादा रह सकता है। 29 मई से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का दौर शुरू हो जाएगा। इसके बाद जून में इतनी ज्यादा गर्मी नहीं रहेगी। जयपुर के मौसम केन्द्र ने आज (सोमवार) भी 16 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कोटा में रविवार को पूरे दिन अलग-अलग जगहों पर 7 शव बरामद हुए। इनमें से चार शव शहर में अलग-अलग जगह और तीन स्टेशन पर मिले हैं। शुरुआती लक्षणों के आधार पर इनमें से कई मामलों में तेज गर्मी और लू से भी मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि डॉक्टर्स का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इनकी मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
उधर, पिछले 4 दिन में प्रदेश में गर्मी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 25 हो चुकी है। हालांकि सरकार अभी तक किसी भी मौत का कारण गर्मी नहीं माना है।
फलोदी में दूसरे दिन भी पारा 50 डिग्री सेल्सियस के पास दर्ज हुआ
रविवार को भी राजस्थान में जबरदस्त गर्मी रही। फलोदी में दूसरे दिन (रविवार) भी पारा 50 डिग्री सेल्सियस के पास दर्ज हुआ। 49.8 डिग्री सेल्सियस के साथ कल फलोदी सबसे ज्यादा गर्म रहा। बीकानेर, अजमेर में कल अधिकतम तापमान पिछले सात सालों का सबसे ज्यादा तापमान था।
डूंगरपुर-उदयपुर को छोड़कर सभी शहरों में पारा 45 पार
- राजस्थान में कल उदयपुर और डूंगरपुर को छोड़ दें तो सभी शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।
- अजमेर, बीकानेर, फलोदी, भीलवाड़ा में 46, अलवर में 45.5, जयपुर 45.6, पिलानी 47.4, सीकर 45.2, कोटा 47.1, चित्तौड़गढ़ 45.6, बाड़मेर 49, जैसलमेर 48.5, जोधपुर 46.4, चूरू 47.6, गंगानगर 47.8, धौलपुर 46.3, बारां 46.3, हनुमानगढ़ 48.3 और जालोर में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
