उदयपुर : बेटी ने भागकर की शादी,थाने में माता पिता को पहचानने से किया इंकार, आहत पिता ने मुंडन करवाकर रखा मृत्यु भोज

परिजनों ने 2 महीने पहले घर से गायब हुई बेटी की मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जब उसे ढूंढ़कर लाई तो बेटी गांव के ही एक लड़के से शादी कर चुकी थी। परिजनों को थाने में बुलाया तो बेटी ने उन्हें पहचानने से ही इनकार कर दिया। इससे आहत होकर मां-बाप ने बेटी को मृत घोषित कर दिया शोक सन्देश छपवाया और मृत्युभोज रखवा दिया। मामला 22 मई उदयपुर के सायरा थाना इलाके के गांव का है।

युवक के साथ आई थी थाने

मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि 10 मार्च 2024 को लड़की अपने घर से लापता हुई थी। जिसे लेकर परिजनों ने दूसरे दिन 11 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद 14 अप्रैल को लड़का अपने जीजा के समझाने पर लड़की को लेकर सायरा थाने पहुंचा था।

लक्ष्मण सिंह ने बताया- थाने में लड़का और लड़की दोनों के माता-पिता को बुलाया गया। जहां लड़की ने अपने माता-पिता को पहचानने से इनकार कर दिया। माता-पिता ने लड़की को कहा था कि वे उसकी दूसरी जगह शादी करा देंगे। इस पर लड़की ने उसी लड़के साथ रहने की बात कही थी। लड़का और लड़की सूरत से यहां पेश होने आए थे और वापस सूरत चले गए हैं। दोनों के बालिग होने के कारण फिलहाल किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ है।

मुंडन करवाया, मृत्यु भोज दिया

पिता के अनुसार, बेटी ने गांव के ही लड़के से अंतरजातीय विवाह किया था। इसके बाद जब बेटी ने हमें पहचानने से ही इनकार कर दिया तो वह हमारे लिए अब इस दुनिया में नहीं है। बेटी की इस हरकत से पूरा परिवार बुरी तरह टूट गया था। ऐसे में हमने फैसला किया कि हमारी बेटी हमारे लिए मर चुकी है। अपने परिवार और गांव में अपनी बेटी को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने शोक संदेश छपवाकर सगे संबंधियों, गांव बिरादरी व पूरे इलाके में बांट दिए। 22 मई को अपनी बेटी का मृत्यु भोज करवा दिया। इसके साथ ही परिजनों ने मुंडन भी करवाया।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!