चंदन तस्कर का पीछा करते वक्त घायल हुआ कांस्टेबल,पहाड़ी से फिसलकर हाथ फ्रैक्चर हुआ, फिर भी तस्कर को पकड़ा
चंदन तस्कर का पीछा करते वक्त उदयपुर की फलासिया थाना पुलिस का एक जवान घायल हो गया। घायल होने के बावजूद उसने तस्कर का पीछा नहीं छोड़ा और उसे दबोच लिया। फलासिया थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि फलासिया निवासी उदयलाल पटेल ने रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि उसके खेत से अज्ञात बदमाश बीस साल पुराना चंदन का पेड़ काटकर ले गए।
रिपोर्ट पर थानाधिकारी ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान कांस्टेबल बंशीलाल ने सीसीटीवी फुटेज चेक कर आरोपियों की शिनाख्त की। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी थाना क्षेत्र के निचली सिगरी में पहाड़ी के पीछे छिपे हुए हैं। जिस पर पुलिस ने जाब्ते से मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तो अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भागने लगे।
इस पर पुलिस ने भी तस्करों का पीछा किया और पहाड़ी ढलान पर कांस्टेबल बंशीलाल फिसलकर गिर गए। जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। फिर भी कांस्टेबल ने हिम्मत नहीं हारी और घायल अवस्था में तस्कर चंदूलाल भगोरा का पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया।
वहीं, कुछ ही दूरी पर दूसरे आरोपी विनोद खराड़ी को भी दस्तयाब कर लिया। इस दौरान भागते वक्त आरोपी चंदूलाल के भी पैर में चोट लगी। साथ ही आरोपियों से 2 क्विंटल चंदन भी जब्त किया गया। घायल कांस्टेबल बंशीलाल का फलासिया सीएचसी में प्राथमिक उपचार करवाकर उदयपुर रेफर किया ।
