उदयपुर : नाबालिग लड़की का आपत्तिजनक विडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर तीन तोला सोना हड़पा
डबोक थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर किशोरी को मिलने बुलाया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। फिर वायरल करने की धमकी देकर किशोरी से 3 तोला सोने के जेवर मंगवाकर हड़प लिए। इसके बदले नकली जेवर दे दिए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इससे सोना भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार एक पिता ने गत 4 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि मध्य प्रदेश हाल भुवाणा निवासी हर्ष उर्फ हरीश पुत्र ईश्वरलाल टांक इंस्टाग्राम पर उनकी 17 वर्षीय बेटी के संपर्क में आया। नवंबर 2023 में आरोपी ने जन्मदिन होने का झांसा देकर बेटी को डबोक में एक कैफे पर बुलाया। जहां उसने बेटी से छेड़छाड़ की और वीडियो बना लिया।
कुछ समय बाद आरोपी ने एक आपत्तिजनक वीडियो में बेटी का फोटो लगाकर उसे भेजा। फिर बाइक की किस्त जमा कराने के लिए पैसे मांगे। बेटी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। गत जनवरी माह में आरोपी ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए घर से जेवर चुराकर लाने को कहा। इस पर बेटी ने 3 तोले के जेवर आरोपी को दे दिए। इसके बदले आरोपी ने नकली जेवर दिए, जिसे बेटी ने वापस घर रख दिए। फरवरी में शादी में जाने के लिए परिजनों ने गहने निकाले तो इनके नकली होने का पता चला। बेटी से पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ। इस मामले में पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी हर्ष को गिरफ्तार किया। इसके कब्जे से मोबाइल जब्त किया। आरोपी ने जेवर लेकर गला दिए थे, जिसे पुलिस ने बरामद किया है। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से 15 मई तक रिमांड पर भेज दिया है।
