केबिनेट मंत्री खराड़ी को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार ,राजनीतिक विचारधारा से प्रभावित होकर की थी पोस्ट
कैबिनेट मंत्री एवं झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी को सोशल मीडिया ( इंस्टाग्राम अकाउंट ) पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक खेरवाड़ा के सरकारी कॉलेज में Bsc फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है, साथ ही पार्ट टाइम केटरिंग का काम करता है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि अन्य पार्टी की राजनीतिक विचारधारा से प्रभावित होकर उसने सोशल मीडिया पर कैबिनेट मंत्री को धमकी दी थी। 3 मई को खराड़ी के बेटे देवेंद्र खराड़ी ने कोटड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया था। रविवार को पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट की मदद से युवक को गिरफ्तार कर लिया।
कोटड़ा SHO अशोक कुमार सिंह ने बताया- साइबर एक्सपर्ट की मदद से आरोपी जितेन्द्र कुमार अहारी (21) पुत्र हाजा राम अहारी निवासी बजारिया थाना खेरवाड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम आईडी से मंत्री खराड़ी की पोस्ट पर धमकी भरा कमेंट किया था
उन्होंने बताया- आरोपी ने लोकसभा चुनाव के दौरान विभिन्न प्रचार-प्रसार और राजनीतिक पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर धमकी भरी पोस्ट की थी। आरोपी किसी अन्य राजनीतिक विचारधारा से ताल्लुक रखता है। जितेन्द्र खेरवाड़ा सरकारी कॉलेज बीएससी फर्स्ट ईयर का छात्र है। साथ ही कैटरिंग का काम करता है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 384 और 506 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
