फतहसागर झील में कूदकर युवती ने किया सुसाइड, फिलहाल नहीं हो पाई पहचान
उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक युवती ने फतहसागर झील में कूदकर सुसाइड कर लिया। दूर खड़ी एक महिला ने मृतक युवती को झील में छलांग लगाते हुए देखा। उसने आसपास लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में आपदा प्रबंधन नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर विजय नकवाल, शंकर वाल्मिकी व विपुल चौधरी की टीम ने करीब 15 मिनट में युवती शव को झील में से ढूंढकर बाहर निकाला। साथ ही सूचना पर अंबामाता थाना पुलिस भी घटना स्थल पहुंची और शव को एमबी सरकारी हॉस्पिटल मोर्चरी में शिफ्ट कराया। युवती की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है । पुलिस के अनुसार महिला की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस इस बारे में पता लगाने में जुटी है। साथ ही महिला के सुसाइड के पीछे क्या कारण रहा, इस बारे में भी जांच कर रही है।
