लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन व निगरानी टीमों की अवैध गतिविधियों पर नजर , प्रदेश में इस बार जब्त की गई 795 करोड़ की नकदी व सामान
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता शुरू होने के साथ ही पुलिस-प्रशासन व निगरानी टीमें अवैध गतिविधियों पर नजरे गड़ाए हुए हैं। पूरे प्रदेश में जगह-जगह कार्रवाई कर लाखों रुपए की नकदी, सोना-चांदी, शराब, मादक पदार्थ, मतदाताओं को प्रलोभन के लिए दिए जाने वाला सामान (फ्री बीज) जब्त किया जा रहा है।
साल 2019 लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस साल अवैध सामग्री की जब्ती का आंकड़े में 1546% की वृद्धि हुई है। इस साल 16 मार्च को आचार संहिता लगने से लेकर अब तक के 30 दिन में प्रदेश में 795 करोड़ की अवैध सामग्री जब्त की गई है, जबकि वर्ष 2019 में कुल 51.42 करोड़ की नकदी सहित अन्य अवैध सामग्री जब्त की गई थी। जब्ती के मामले में प्रदेश में जोधपुर नंबर वन है। दूसरे नंबर पर जयपुर, तीसरे पर पाली, चौथे पर भीलवाड़ा और पांचवें नंबर पर उदयपुर है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा नकदी उदयपुर में 4 करोड़ 85 लाख 2 हजार रुपए और सबसे कम धौलपुर में 8 लाख 13 हजार पकड़ी गई। सबसे ज्यादा शराब अलवर में 5 करोड़ 77 लाख 83 हजार की 8.42 लाख लीटर और सबसे कम जैसलमेर में 8 लाख 23 हजार की 2.54 हजार लीटर पकड़ी गई। सबसे ज्यादा मादक पदार्थ गंगानगर में 19 करोड़ 39 लाख 56 हजार का 528 किलो और सबसे कम भरतपुर में 1400 रुपए का 35 ग्राम पकड़ा गया।
सबसे ज्यादा सोना-चांदी जोधपुर में 11 करोड़ 1 लाख 74 हजार का 51 किलो और सबसे कम नागौर में 80 हजार का 20 ग्राम जब्त किया गया। मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए सबसे ज्यादा बांसवाड़ा में 33 लाख 33 हजार और सबसे कम भरतपुर में 5 हजार का सामान जब्त किया गया। इनके अलावा चूरू में सबसे ज्यादा 28 करोड़ 74 लाख 74 हजार का और करौली में सबसे कम 8 करोड़ 88 लाख के अवैध हथियार, वाहन व अन्य सामान जब्त किए गए।
