खेरवाडा : क्रीम की डिब्बी में छुपाकर ले जा रहे थे 40 लाख का सोना , एक कार सहित 2 युवक डिटेन
खेरवाड़ा थाना पुलिस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 40 लाख रुपए का अवैध सोना सहित एक इनोवा कार जब्त की है। साथ ही दो युवकों को डिटेन किया है। थानाधिकारी दिलीप सिंह झाला ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद इनोवा कार अहमदाबाद से खेरवाड़ा की तरफ आ रही है जिसमें अवैध रूप से सोना ले जाया जा रहा है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चालक को कार रोकने के लिए हाथ का इशारा किया।
कार रुकी, जिसमें 2 युवक सवार थे। थानाधिकारी ने दोनों से नाम पूछा तो वे हड़बडाने लगे। संदिग्ध लगने पर मौके से वाहन और दोनों युवकों को थाने लेकर आए। दोनों युवक और इनोवा की तलाशी ली गई। जिसमें युवकों के पास निविया क्रीम की डिब्ब्यिों में सोने के बिस्किट रखे मिले। निविया क्रीम की 2 डिब्बियों में 542 ग्राम सोना मिला।
पुलिस ने जब दोनों युवकों से सोना से संबंधित कागजात के बारे में पूछा तो वे कोई स्पष्ट जबाव नहीं दे पाए। ऐसे में पुलिस ने सोना जब्त करते हुए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मगन पिता अमरा निवासी कटेवडी खेरवाड़ा और राहुल पिता नाथुलाल निवासी छाणी को डिटेन किया है।
