लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस करे गठबंधन – BAP प्रत्याशी रोत, कांग्रेस विधायक का पलटवार : फॉर्म विड्रो करे तो लड़ेंगे साथ
प्रदेश की बांसवाडा-डूंगरपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस से गठबंधन को लेकर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के प्रत्याशी राजकुमार रोत ने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा की कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की मंशानुरूप देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए वे लोकसभा सीट पर गठबंधन को लेकर तैयार है। लेकिन भाजपा के लिए काम करने वाले कुछ कांग्रेसी नेताओं की वजह से ये गठबंधन होता नहीं दिख रहा है। वहीं, रोत के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा ने रोत को सलाह दी है कि वे लोकतंत्र बचाने के लिए अपना फार्म विड्रो कर लें और कांग्रेस के साथ जुड़ जाएं।
लोकसभा चुनाव के तहत डूंगरपुर में प्रचार कर रहे भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार रोत ने कहा की कांग्रेस के नेता राहुल गांधी राष्ट्रीय व क्षेत्रीय दलों के साथ लोकतंत्र को बचाने के लिए देश की बड़ी शक्ति के सामने लड़ रहे है। भारत आदिवासी पार्टी भी उसी उद्देश्य के साथ है।
उन्होंने कहा की अगर डूंगरपुर-बांसवाडा के क्षेत्रीय कांग्रेसी नेता अगर राहुल गांधी का समर्थन करते है तो उन्हें भी यहां पर बीएपी से गठबंधन करना चाहिए। कांग्रेस को धोखा देकर भाजपा में गए व्यक्ति को सबक सिखाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा की डूंगरपुर व बांसवाडा में कुछ कांग्रेसी नेता भाजपा के लिए काम कर रहे है। वो इसीलिए ये गठबंधन नहीं होना देना चाहते है। वही उन्होंने कहा की कुछ कांग्रेसी नेता व भाजपा हाईकमान की मनमानी से परेशान भाजपा नेता भी उनके साथ जुड़े हुए है। ऐसे में राजकुमार रोत ने बांसवाडा-डूंगरपुर सीट पर जीत का दावा किया है।
कांग्रेस विधायक का पलटवार, लोकतंत्र को बचाने के लिए फार्म विड्रो करें
बांसवाड़ा लोकसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार रोत के कांग्रेस से गठबंधन के बयानो पर कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा ने पलटवार किया है। विधायक गणेश घोघरा ने एक वीडियो जारी कर कहा की कांग्रेस लोकतंत्र को बचाने लड़ रही है। लेकिन बीएपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गठबंधन को लेकर साफ इंकार करते रहे। जब कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी उतार दिया तो अब गठबंधन की याद आ रही है। बीएपी के प्रत्याशी वास्तव में लोकतंत्र को बचाना चाहते है तो कांग्रेस के साथ आ जाए। कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में अपना फार्म वापस ले लें। तो कांग्रेस और बीएपी मिलकर ये लड़ाई लड़ेंगे। लेकिन अगर वे फार्म वापस नहीं लेते है तो ये साफ हो जाएगा की वे स्वार्थ की राजनीति के लिए ऐसा कर रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के इरादे नेक है और पार्टी चुनाव लडे़गी। इससे पहले बीएपी के प्रत्याशी राजकुमार रोत ने एक वीडियो जारी कर कांग्रेस को बीएपी से गठबंधन का न्योता दिया था।
