तीन दिन से लापता मां बेटी का शव खेत में मिला,हत्या कर 7 फिट गहरे खड्डे में दफनाया
पाली सदर थाना इलाके के भालेलाव गांव में मां-बेटी की हत्या कर शव खेत में दफना दिए गए । मां-बेटी 25 मार्च से लापता थीं । गुरूवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जेसीबी से खेत में सात फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाले ।
एसपी चूनाराम ने बताया कि खेत में जेसीबी से सात फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था । वहां से भालेलाव गांव निवासी पानी देवी (55) पत्नी पेमाराम सीरवी और उसकी बेटी कविता (30) के शव निकाले हैं । पानी देवी के छोटे बेटे रमेश ने 25 मार्च को सदर थाने में दोनों के गुम होने की शिकायत दी थी । पानी देवी का बड़ा बेटा सुरेश गायब है । पुलिस सुरेश की तलाश कर रही है । पानी देवी के पति पेमाराम सीरवी की मौत हो चुकी है। तलाकशुदा बेटी कविता मां के पास ही रहती थी । बड़ा बेटा सुरेश भी साथ ही रहता था. वह शराब पीने का आदी था । जबकि, छोटा बेटा रमेश अहमदाबाद गुजरात में मजदूरी करता है । होली पर 25 मार्च को रमेश अपने घर लौटा तो घर पर ताला लगा देखा । सुरेश को फोन लगाया तो उसका फोन बंद आया । उसी दिन रमेश ने मां-बेटी की गुमशुदगी की शिकायत सदर थाने में दी । रमेश ने गुरुवार को पुलिस को सूचना दी थी कि घर में जगह-जगह खून के निशान हैं. इस पर एसपी चूनाराम, सदर थाना एसएचओ अनिल कुमार, सीओ ग्रामीण और एडिशनल एसपी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे । वहां खेत में कुछ जगह खुदाई के निशान मिले तो जेसीबी बुलाकर जमीन खोदकर तलाशी ली गई । दोपहर में मां-बेटी के शव बरामद हो गए । एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि जब से मां-बेटी लापता हुईं, तब से ही सुरेश भी गायब है । ऐसे में पुलिस को सुरेश पर डबल मर्डर का शक है । अभी जांच की जा रही है । जितने भी संदिग्ध हैं, उनके बारे में टीम पता लगा रही है । पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
